कौन हैं पंकज चौधरी? जिन्हें मिली UP बीजेपी के नए अध्यक्ष की कमान

Summary :

UP New BJP President: भारतीय जनता पार्टी ने पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह घोषणा रविवार को की गई। लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने उनके नाम की औपचारिक घोषणा की। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। पंकज चौधरी केंद्रीय मंत्री हैं और महाराजगंज लोकसभा सीट से सात बार सांसद रह चुके हैं। लंबे राजनीतिक अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। UP New BJP President: धार्मिक परंपराओं के साथ कार्यक्रम…

UP New BJP President: भारतीय जनता पार्टी ने पंकज चौधरी को उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह घोषणा रविवार को की गई। लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने उनके नाम की औपचारिक घोषणा की। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। पंकज चौधरी केंद्रीय मंत्री हैं और महाराजगंज लोकसभा सीट से सात बार सांसद रह चुके हैं। लंबे राजनीतिक अनुभव को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

UP New BJP President: धार्मिक परंपराओं के साथ कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत स्वस्ति वाचन, शंखनाद और डमरू वादन से हुई। इसके बाद पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने पार्टी का झंडा सौंपकर उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।

 UP New BJP President ( credit S-M )
UP New BJP President ( credit S-M )

Pankaj Chaudhary: वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी

इस कार्यक्रम में भाजपा के कई बड़े नेता शामिल हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मंच पर उपस्थित रहे। इसके साथ ही पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचे। पंकज चौधरी के मंच पर आने के बाद सभी नेताओं ने उन्हें बधाई दी और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

Pankaj Chaudhary News: राजनीतिक पृष्ठभूमि और सामाजिक समीकरण

पंकज चौधरी महाराजगंज लोकसभा सीट से सात बार सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री हैं। वे कुर्मी समाज से आते हैं, जो उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण ओबीसी वर्ग माना जाता है। उनकी नियुक्ति को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ओबीसी मतदाताओं को साधने की भाजपा की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि इससे संगठन को नई मजबूती मिलेगी।

 UP New BJP President ( credit S-M )
UP New BJP President ( credit S-M )

UP BJP President Pankaj Chaudhary: निर्विरोध हुआ चुनाव

पंकज चौधरी ने शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। वे इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे, इसलिए उनका चुनाव निर्विरोध तय हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक उनके प्रस्तावक बने। किसी अन्य नेता द्वारा नामांकन न किए जाने के कारण उनके अध्यक्ष बनने में कोई अड़चन नहीं आई।

 UP New BJP President ( credit S-M )
UP New BJP President ( credit S-M )

आगे की बड़ी जिम्मेदारी

अब पंकज चौधरी के कंधों पर उत्तर प्रदेश में भाजपा संगठन को और मजबूत करने की जिम्मेदारी है। खासतौर पर 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनसे संगठनात्मक स्तर पर बेहतर तालमेल, कार्यकर्ताओं में जोश और जनता के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने की उम्मीद की जा रही है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनके अनुभव और सामाजिक जुड़ाव से भाजपा को आने वाले चुनावों में लाभ मिलेगा। इस तरह पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के साथ ही उत्तर प्रदेश भाजपा ने आगामी चुनावों की तैयारी को नई दिशा देने की शुरुआत कर दी है।

यह भी पढ़ें: UP में कौन होगा BJP का नया अध्यक्ष? इन दिग्गजों के नाम है चर्चा में शामिल, पंकज चौधरी रेस में आगे

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।