Uttar Pradesh News: वीआईपी संस्कृति और कानून व्यवस्था पर बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को शहर की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों को खुली चुनौती दे दी। नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा के स्वागत में निकले वाहनों के लंबे काफिले ने शहर में ऐसा जाम लगाया कि आम लोगों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस पूरे घटनाक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनके आधार पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष के काफिले से भारी जाम

दरअसल, भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम को लेकर चमरावल रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान डुंडा हैड़ा चेकपोस्ट से लेकर राष्ट्र वंदना चौक तक सैकड़ों वाहनों का काफिला शहर की सड़कों पर निकल पड़ा। बताया जाता है कि करीब 350 से अधिक गाड़ियां इस काफिले में शामिल थीं।
कई वाहनों ने खुलेआम उड़ाई ट्रैफिक नियमों की धज्जियां

काफिले में शामिल कई वाहनों ने खुलेआम ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाईं। कुछ वाहन हाईवे पर रॉन्ग साइड दौड़ते दिखाई दिए, तो कई गाड़ियों की छत और फुटबोर्ड पर खड़े होकर कार्यकर्ता जश्न मनाते नजर आए। कई वाहनों में क्षमता से अधिक लोग बैठे हुए थे और पटाखे भी छोड़े गए। इन सबके कारण चमरावल रोड पर लंबा जाम लग गया।
सबसे अधिक परेशानी उस समय हुई जब परीक्षा देकर लौट रही सैकड़ों स्कूल बसें इस जाम में फंस गईं। स्कूली बच्चों से भरे वाहन काफी देर तक सड़क पर खड़े रहे। वहीं तेज रफ्तार काफिले के कारण सामने से आ रहे एक स्कूली वाहन को भी अचानक ब्रेक लगानी पड़ी और बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
सोशल मीडिया वीडियो से खुली जांच की राह
हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद परिवहन और ट्रैफिक विभाग के अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय वाहनों के लिए रास्ता साफ कराते दिखाई दिए। जबकि आम दिनों में यही विभाग ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सैकड़ों चालान काटता है।
अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस द्वारा जांच कर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। यदि नियमों के अनुसार कार्रवाई होती है तो काली फिल्म, सीट बेल्ट, छत पर खड़े होने, फुटबोर्ड पर सवारी और पटाखे छोड़ने जैसे मामलों में भारी जुर्माना और वाहन सीज तक की कार्रवाई संभव है।
रिपोर्ट- मेहंदी हसन, बागपत


Download Android App
Download iOS App




