Uttarakhand: श्रमिकों के बचाव कार्य में जुटे CM पुष्कर सिंह धामी, ग्राउंड जीरो का दौरा करेंगे

Summary :

Uttarakhand: हेलीकॉप्टर रेस्क्यू अभियान तेज करने के निर्देश दिए

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने माणा के पास हिमस्खलन में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए राज्य सरकार के समग्र राहत और बचाव अभियान की समीक्षा की। सीएम धामी ने सभी संबंधित एजेंसियों को युद्ध स्तर पर अभियान चलाने का निर्देश दिया है। शुक्रवार शाम करीब 8.5 बजे मुख्यमंत्री फिर से यूएसडीएमए स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने माणा के पास हुए हिमस्खलन के बाद राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

सीएम धामी ने आर्मी, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बीआरओ, स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय प्रशासन, यूकाडा, वायुसेना और अन्य एजेंसियों द्वारा चलाए जा रहे बचाव कार्यों का अवलोकन किया और जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी से विस्तार से अपडेट लिया। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि फंसे हुए सभी श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं।

सीएम धामी ने जिलाधिकारी को युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाने का आदेश दिया और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कहा कि किसी भी हाल में श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए संबंधित विभागों और एजेंसियों से समन्वय स्थापित करने का निर्देश भी दिया। वहीं, शनिवार को ग्राउंड जीरो पर जाकर स्थिति का जायजा लेने की योजना बनाई गई है। इसके साथ ही उन्होंने हेलीकॉप्टर रेस्क्यू अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए वायुसेना के हेलीकॉप्टरों के साथ ही यूकाडा के हेलीकॉप्टरों और निजी हेलीकॉप्टरों को भी अभियान में शामिल करने का निर्देश दिया है।

इसके पहले, शुक्रवार दोपहर को करीब 2 बजे सीएम धामी ने पहले भी यूएसडीएमए स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र का दौरा किया था और राहत कार्यों की समीक्षा की थी। रात के समय एक बार फिर से उन्होंने कंट्रोल रूम में पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की और जिलाधिकारी से पल-पल की जानकारी ली। सीएम ने कहा कि शनिवार सुबह युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य संचालित किए जाएंगे और हर एक श्रमिक की सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

सीएम धामी ने राहत कार्यों में तेजी लाने और सभी एजेंसियों को समुचित समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी श्रमिक को जान का नुकसान न हो। उन्होंने चमोली जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि आर्मी, आईटीबीपी और बीआरओ के सहयोग से बद्रीनाथ के हेलीपैड को क्लीयर किया जाए, ताकि रेस्क्यू कार्य में कोई रुकावट न आए। साथ ही जोशीमठ में एक और कंट्रोल रूम स्थापित करने के आदेश दिए गए हैं, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन को और बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.