महाकुंभ से लौटते समय जबलपुर में वाहन दुर्घटनाग्रस्त, छह की मौत

Summary :

वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया

मध्य प्रदेश के जबलपुर में प्रयागराज से महाकुंभ स्नान कर रहे श्रद्धालुओं का वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई है, वहीं दो लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह लगभग साढ़े चार बजे प्रयागराज से जबलपुर की ओर आ रहा वाहन खितौला थाना क्षेत्र के पहरेवा क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह वाहन कर्नाटक का है और इसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया है कि तेज रफ्तार से आ रहे तूफान वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरे मार्ग पर पहुंच गया। इस दौरान दूसरे मार्ग पर जबलपुर से कटनी की ओर जा रही यात्री बस से श्रद्धालुओं के वाहन की टक्कर हो गई। इस हादसे में वाहन में सवार छह लोगों की मौत हो गई। दो घायल हुए हैं, उनमें से एक की हालत गंभीर है और उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भेजा गया है। अन्य के पैर में चोट है।

जिस तूफान वाहन में यह श्रद्धालु सवार थे, उसका नंबर कर्नाटक का है, इसलिए संभावना है कि ये श्रद्धालु कर्नाटक के ही निवासी हैं। बताया गया है कि यह हादसा इतना भीषण था कि वाहन के बुरी तरह परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

इस हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस बल और अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं सड़क से गुजर रहे लोगों ने घायलों की मदद की। इस हादसे के बाद तूफान वाहन के भीतरी हिस्से में खून ही खून था। वाहन चालकों से नियंत्रित गति के साथ वाहन को चलाने की हिदायतें लगातार पुलिस और यातायात पुलिस द्वारा दी जाती हैं। वर्तमान में राज्य से गुजरने वाले मार्गों पर वाहनों की आवाजाही कहीं ज्यादा है, इसको ध्यान में रखकर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.