Vrindavan Hotel Fire: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन क्षेत्र से एक गंभीर घटना सामने आई है। शहर की पॉश कॉलोनी रुक्मणि विहार स्थित ‘Green Board Hotel’ में बुधवार को अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता काला धुआं दूर से साफ दिखाई दे रहा था।
Vrindavan Hotel Fire: निर्माणाधीन होटल में हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि यह हादसा ताज विवांता होटल के पास स्थित एक निर्माणाधीन होटल परिसर में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आग लगते ही होटल के अंदर मौजूद मजदूरों और कर्मचारियों में भगदड़ मच गई।
Inauguration Day: ओपनिंग समारोह के दौरान लगी आग
सूत्रों के मुताबिक होटल में ओपनिंग सेरेमनी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। वायरल वीडियो में लोग अपनी जान बचाने के लिए होटल से बाहर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के समय भवन के अंदर कई लोगों के मौजूद होने की आशंका जताई जा रही है।

एक बच्चा झुलसा, 30 लोगों के फंसे होने की आशंका
घटना में एक बच्चे के झुलसने की सूचना सामने आई है। उसे तुरंत उपचार के लिए भेजा गया। वहीं, करीब 30 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, प्रशासन द्वारा लगातार राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है और अंदर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
Fire Rescue: दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर सीओ सदर सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंबुलेंस भी तुरंत भेजी गई ताकि किसी भी घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके।
Mathura News Today: भारी नुकसान की आशंका
आग लगने से होटल के अंदर रखा निर्माण सामग्री, बिजली का सामान और फर्नीचर जलकर राख हो गया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। पास स्थित ताज विवांता होटल की टीम ने भी अपने फायर सेफ्टी उपकरणों के जरिए आग बुझाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि आग कैसे लगी और उस समय भवन के अंदर कितने लोग मौजूद थे। साथ ही, आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, लेकिन राहत की बात यह है कि समय रहते बचाव कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल सकता है।
यह भी पढ़ें: किसी ने कहा ‘घाटे का बजट’ तो किसी ने ‘विदाई बजट’, UP Budget 2026 पर नाखुश विपक्ष


Download Android App
Download iOS App




