‘वाह रे पाकिस्तान इतना प्रेम…’, PAK पीएम ने अपने शूट पर लगा लिया तुर्किए का झंडा

Summary :

शहबाज शरीफ की जैकेट पर तुर्किए का झंडा, भारत-पाक तनाव में समर्थन

तुर्किए के दौरे पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने राष्ट्रपति एर्दोगन से मुलाकात की। उन्होंने अपनी जैकेट पर तुर्किए का झंडा लगाया, जिससे दोनों देशों की दोस्ती को बढ़ावा मिला। द्विपक्षीय व्यापार और निवेश पर चर्चा के साथ, शरीफ ने तुर्किए के समर्थन को सराहा और भविष्य में सहयोग की आशा जताई।

Pakistan-Turkey Relations: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ इन दिनों तुर्किए के दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने इस्तांबुल में तुर्किए के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन से मुलाकात की. यह मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते तनावपूर्ण हैं. इस मुलाकात से यह साफ होता जा रहा है कि शहबाज और एर्दोगन के बीच व्यक्तिगत और राजनीतिक संबंध काफी मजबूत हो रहे हैं.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर की है. पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘आज शाम इस्तांबुल में अपने प्रिय भाई राष्ट्रपति एर्दोगन से मुलाकात हुई. भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव में पाकिस्तान का समर्थन करने के लिए मैंने उनका आभार व्यक्त किया. उनके समर्थन से पाकिस्तान की कूटनीतिक जीत हुई है, अल्हम्दुलिल्लाह. पाकिस्तान की ओर से तुर्किए के भाइयों और बहनों का धन्यवाद करता हूं.’

तुर्किए की भूमिका पर उठे सवाल

शहबाज शरीफ की इस पोस्ट ने एक बार फिर तुर्किए की भारत को लेकर स्थिति को स्पष्ट कर दिया है. यह दर्शाता है कि भारत और पाकिस्तान के किसी भी टकराव की स्थिति में तुर्किए, पाकिस्तान का साथ देता है. इससे पहले भी तुर्किए ने कई मौकों पर पाकिस्तान के प्रति समर्थन जताया है. इस बार खास बात यह रही कि शहबाज शरीफ ने अपनी जैकेट पर तुर्किए और पाकिस्तान दोनों देशों के झंडे लगाए थे, जबकि एर्दोगन की जैकेट पर सिर्फ तुर्किए का झंडा नजर आया.

‘बाल-बाल बचे रूसी राष्ट्रपति’, यूक्रेनी ड्रोन ने पुतिन के हेलीकॉप्टर को बनाया निशाना, ऐसे बची जान

व्यापार और निवेश पर भी हुई चर्चा

दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को लेकर भी बातचीत हुई. शहबाज शरीफ ने अपनी पोस्ट में बताया कि तुर्किए और पाकिस्तान ने अपने व्यापारिक रिश्तों की प्रगति की समीक्षा की है. उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में तुर्किए पाकिस्तान को हर संभव सहायता देता रहेगा. अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, ‘लॉन्ग लिव पाकिस्तान-तुर्किए फ्रेंडशिप.’

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।