केंद्र 12 से 14 वर्ष के आयु वर्ग के लिए संभवत: इस सप्ताह कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान शुरू करेगा, जबकि वरिष्ठ नागरिकों को एहतियातन खुराकें देने के लिए सह-रुग्णता के खंड को हटा दिया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 से 14 वर्ष के आयु वर्ग को बायोलॉजिक ईएस कोर्बोवैक्स का टीका लगाया जाएगा।
12 से 14 वर्ष के आयु वर्ग के लिए शुरू होगा कोविड टीकाकरण
ऐसी जानकारी है कि टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह (एनटीएजीआई) ने इस आयु वर्ग के लिए टीकाकरण शुरू करने की सिफारिश की है। एक आधिकारिक सूत्र ने बताया, ‘‘12 से 14 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण मंगलवार से शुरू होने की संभावना है। साथ ही 60 और उससे अधिक आयु के लोगों को एहतियान खुराक देने के लिए सह-रुग्णता के खंड को हटाया जाएगा।’’ देशभर में टीकाकरण अभियान पिछले साल 16 जनवरी को शुरू हुआ था।
10 जनवरी से दी जा रही है एहतियात खुराकें
भारत ने चुनावी ड्यूटी में तैनात कर्मियों समेत स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों, अग्रिम मोर्चे पर काम करने वाले लोगों और 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के अन्य बीमारियों से पीड़ित लोगों को इस साल 10 जनवरी से कोविड-19 रोधी टीके की एहतियात खुराकें देना शुरू किया था। देश में कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के बढ़ते मामलों के मद्देनजर एहतियान खुराकें देने का फैसला किया गया।


Download Android App
Download iOS App



