देश में जारी है कोरोना की आंख मिचौली, 27 हजार के करीब पहुंचे एक्टिव केस

Summary :

भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) के मामलों मामूली उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। कल (16 अक्टूबर, रविवार) सामने आए 2401 मरीजों के बाद सोमवार को देश में कोरोना संक्रमण के 2,060 केस दर्ज हुए हैं।

भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) के मामलों मामूली उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। कल (16 अक्टूबर, रविवार) सामने आए 2401 मरीजों के बाद सोमवार को देश में कोरोना संक्रमण के 2,060 केस दर्ज हुए हैं। इसके साथ पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 1,841 मरीजों ने रिकवर किया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 2,060 नए केस दर्ज हुए हैं। वहीं इस दौरान कोरोना संक्रमण को मात देकर ठीक हुए मरीजों की संख्या 1,841 रही। नए केस सामने आने के बाद देश में एक्टिव केस की संख्या 26,834 है। इसके साथ ही डेली पॉजिटिविटी रेट 1.86 रहा।
महामारी से बचाव जरूरी
त्यौहारी सीजन को देखते हुए लंबे समय बाद बाज़ारों में रौनक लौट रही है। भले ही कोरोना वायरस की रफ़्तार धीमी है, लेकिन महामारी को लेकर लापरवाही न बरतना भारी पड़ सकता है। प्रशासन की ओर से लगातार सतर्कता के निर्देश जारी किए जा रहे हैं। जरूरी है भीड़ में मास्क का इस्तेमाल करना और कोविड निर्देशों का पालन करना। 
बात करें रविवार कि तो देश में कल कोरोना वायरस संक्रमण के 2,401 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,46,28,828 पर पहुंच गई जबकि एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 26,625 हो गई। वहीं  21 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,28,895 पर पहुंच गई है।
गौरतलब है कि देश में 7 अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और 5 सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।

Desk Team