भारतीय वायुसेना की आज 89वीं वर्षगांठ, PM मोदी समेत कई नेताओं ने एयरफोर्स के साहस को किया सलाम

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत कई नेताओं ने भारतीय वायु सेना को बधाई दी और उनके साहस को सलाम किया।

भारत आज वायुसेना की 89वीं वर्षगांठ मना रहा है। भारतीय वायुसेना दिवस हर साल 8 अक्टूबर को मनाया किया जाता है। यह दिन साल 1932 में भारतीय वायुसेना की स्थापना की वर्षगांठ का प्रतीक है। अपनी स्थापना के बाद से भारतीय वायुसेना ने विभिन्न युद्धों और मिशनों (प्राकृतिक आपदाओं के दौरान मानवीय सहायता और आपदा राहत मिशन सहित) में हिस्सा लिया है। 
वायु सेना दिवस हिंडन एयरबेस पर भारतीय वायुसेना प्रमुख और तीनों सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में मनाया जाता है। इस अवसर पर वायु सेना दिवस परेड का भी आयोजन किया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत कई नेताओं ने भारतीय वायु सेना को बधाई दी और उनके साहस को सलाम किया। 
पीएम मोदी ने वायुसेना को बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘वायुसेना दिवस पर हमारे वायु योद्धाओं और उनके परिवारों को बधाई। भारतीय वायुसेना साहस, परिश्रम और व्यावसायिकता का पर्याय है। उन्होंने चुनौतियों के दौरान देश की रक्षा करने और अपनी मानवीय भावना के माध्यम से खुद को प्रतिष्ठित किया है।’


राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा, ‘वायुसेना दिवस पर वायु योद्धाओं, दिग्गजों और उनके परिवारों को बधाई। राष्ट्र को भारतीय वायुसेना पर गर्व है जिसने शांति और युद्ध के दौरान बार-बार अपनी क्षमता और सामर्थ्य को साबित किया है। मुझे विश्वास है कि भारतीय वायुसेना उत्कृष्टता के अपने मानकों को बनाए रखना जारी रखेगी। 


रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी वायुसेना दिवस पर ट्वीट करते हुए लिखा, ‘इस अदम्य बल की 89वीं वर्षगांठ पर सभी इंडियन एयर फोर्स कर्मियों, उनके परिवारों को बधाई। हमें चुनौतियों का पूरी तत्परता के साथ सामना करने और राष्ट्र की सेवा में दृढ़ रहने के लिए अपने वायु सैनिकों पर गर्व है।’


वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्विटर पर लिखा, ‘भारतीय वायु सेना दिवस पर, हम निस्वार्थ भाव से राष्ट्र की सेवा करने और इसकी अखंडता की रक्षा करने वाले अपने बहादुर वायु योद्धाओं को सलाम करते हैं। हमें अपनी वीरतापूर्ण वायुसेना के गौरवशाली इतिहास पर गर्व है। आप अपनी अद्वितीय भक्ति और प्रतिबद्धता से देशवासियों को प्रेरित करते रहें।’

Desk Team