भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड दौरे पर संघर्ष करती नज़र आ रही है और सबसे बड़ी चिंता का विषय बना है उसका मिडिल ऑर्डर, खासकर करुण नायर का खराब प्रदर्शन। आठ साल बाद टीम में वापसी करने वाले Karun Nayar से उम्मीदें बहुत थीं, लेकिन तीन टेस्ट मैचों में वह पूरी तरह फ्लॉप रहे। न तो उनका बल्ला चला और न ही वो अपनी जगह पक्की कर पाए। अब सवाल उठ रहे हैं। क्या नायर की जगह किसी और को मौका दिया जाना चाहिए? पहला नाम जो सामने आता है वो है साई सुदर्शन। उन्होंने इस सीरीज के पहले टेस्ट में डेब्यू किया था। पहली पारी में खाता नहीं खोल सके लेकिन दूसरी पारी में कुछ अच्छे शॉट्स खेलते हुए 30 रन बनाए। हालांकि इसके बावजूद उन्हें बाहर कर दिया गया और करुण नायर को नंबर-3 पर मौका मिला। लेकिन अब नायर का प्रदर्शन देखते हुए चर्चा दोबारा तेज हो गई है कि सुदर्शन को वापस लाया जाए।
क्या है अभिमन्यु ईश्वरन के आकड़े
लेकिन इस रेस में एक और नाम जिनकी चर्चा कम होती है और वो है अभिमन्यु ईश्वरन। दाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके आंकड़े खुद बयां करते हैं कि वो क्यों एक मजबूत दावेदार हैं। 103 मैचों में 48.70 की औसत से 7841 रन, जिसमें 27 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं ये आंकड़े किसी भी चयनकर्ता को सोचने पर मजबूर कर सकते हैं। इतना ही नहीं, ईश्वरन के पास इंग्लैंड की परिस्थितियों का अनुभव भी है। इस सीरीज से पहले इंडिया-ए के इंग्लैंड दौरे पर वह टीम के कप्तान थे और वहां उन्होंने दोनों पारियों में क्रमश 68 और 80 रन की पारी खेली थी।
अभिमन्यु ईश्वरन को नेट्स पर जमकर अभ्यास करते देखा गया
सूत्रों के मुताबिक, मैच से पहले अभिमन्यु ईश्वरन को नेट्स पर जमकर अभ्यास करते देखा गया था। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि टीम मैनेजमेंट अब करुण नायर की जगह किसी और विकल्प की ओर देख रहा है। ईश्वरन का चयन इस लिहाज़ से भी फायदेमंद हो सकता है क्योंकि वह ओपनिंग के अलावा नंबर-3 पर भी सहजता से बल्लेबाजी कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App





