कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने चिट्ठी लिखकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से माफी मांगी है। माफी में उन्होंने जुबान फिसलने की बात कही है। बता दें सदन में इस मामले पर काफी बवाल भी खड़ा हुआ था। दरअसल, लोकसभा सांसद अधीर रंजन चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहकर संबोधित कर दिया था। जिसके बाद विवाद छिड़ गया और भाजपा के तमाम नेता कांग्रेस सांसद चौधरी पर तरह-तरह के आरोप जड़ने लगे। यहां तक कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी मांगने को कहा।
चौधरी ने कहा- फिसल गई थी जुबान
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति को चिट्ठी में लिखा कि मैंने आपके पद को परिभाषित करने के लिए गलती से एक अनुपयुक्त शब्द का स्तेमाल किया था। मुझे इसका खेद है। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि ऐसा सिर्फ जुबान फिसलने की वजह से हुआ। मैं इसके लिए माफी मांगता हूं और उम्मीद है कि आप इसके लिए मुझे माफ कर देंगी।

सोनिया-स्मृति में हुई थी नोकझोंक
इस दौरान सोनिया गांधी और स्मृति ईरानी में काफी नोकझोंक हुई थी। दरअसल, सदन स्थगित होने के बाद सोनिया गांधी अपने साथियों के साथ बाहर जाने लगीं थी। अचानक वह लौटी और सत्ता पक्ष की ओर चली गई और भाजपा की वरिष्ठ नेता और लोकसभा की उपाध्यक्ष रमा देवी से बात करने लगी। उन्होंने रमा देवी से पूछा कि इस मामले में उनका नाम क्यों लिया जा रहा है। आखिर उन्होंने किया क्या है?
सोनिया गांधी को रमा देवी से बात करते देख ईरानी भी वहां आ गईं। उन्होंने कहा, मैडम क्या मैं आपकी मदद कर सकती हूं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने सोनिया गांधी का नाम लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले तो सोनिया ने स्मृति ईरानी को नजरअंदाज करने की कोशिश की, लेकिन जब उन्होंने चौधरी के बयान का जिक्र किया तो सोनिया ने कहा कि तुम मुझसे बात मत करो।


Download Android App
Download iOS App



