नूंह में तनाव के बाद अब गुरुग्राम में धार्मिक स्थल पर किया गया हमला

Summary :

नूंह में तनाव के बाद गुरुग्राम के सेक्टर 57 में एक निर्माणाधीन भवन में कुछ लोगों ने आग लगा दी। बताया जा रहा है कि भवन के बेसमेंट में एक धार्मिक स्थल था

नूंह में तनाव के बाद गुरुग्राम के सेक्टर 57 में एक निर्माणाधीन भवन में कुछ लोगों ने आग लगा दी। बताया जा रहा है कि भवन के बेसमेंट में एक धार्मिक स्थल था। दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया है। आग में एक बाइक भी जल गई। वहीं इस पूरे मामले पर जानकारी मिली है कि देर रात उपद्रवियों ने सेक्टर 57 स्थित धार्मिक स्थल पर हमला किया। हमले में एक की मौत हो गई है, जबकि दो घायल हैं। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। गुरुग्राम में जिन इलाकों में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग रहते हैं उन इलाकों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 लागू 
नूंह जिला में साम्प्रदायिक तनाव के मद्देनजर गुरुग्राम के जिलाधीश एवं डीसी निशांत कुमार यादव ने जिले में कानून के बेहतर अनुपालन कराए जाने एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 लागू की है। इस विषय में सोमवार शाम जिलाधीश की ओर से निर्देश जारी किया है। उपायुक्त का आदेश आगामी आदेशों तक जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 144 लागू करते हुए आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।
धारा-188 के तहत कार्रवाई की जाएगी
जिलाधीश द्वारा जारी आदेशों में जिला में किसी भी सड़क मार्ग को अवरुद्ध करने व सार्वजनिक स्थान पर पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने, किसी भी प्रकार के लाइसेंसी हथियार या फायर आर्म्स, तलवार, गंडासा, लाठी, बरछा, कुल्हाड़ी, जेली, चाकू व अन्य हथियार लेकर चलने पर पाबंदी लगाई गई है। आदेशों की अवहेलना करने वालों पर भारतीय दंड संहिता की धारा-188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
दो होम गार्ड जवानों की मौत 
विश्व हिंदू परिषद, मातृ शक्ति दुर्गा वाहिनी और बजरंग दल द्वारा सोमवार को निकाली गई ब्रजमंडल 84 कोस शोभा यात्रा के दौरान पथराव और फायरिंग से दो होम गार्ड जवानों की मौत हो गई जबकि कई पुलिसकर्मी और तकरीबन 24 लोग जख्मी हो गए। यात्रा में शामिल लोगों के साथ ही पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किया गया।  इस बीच दंगाइयों ने आगजनी कर दी। कई वाहनों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। सांप्रदायिक तनाव के बाद पूरे जिले में धारा-144 लगाकर इंटरनेट सेवा को बुधवार तक बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही जिले की सीमाएं भी सील कर दी गई हैं।

Desk Team