वायुसेना दिवस के मौके पर दुनिया देख रही भारत की ताकत

Summary :

वायुसेना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत देश के बड़े नेताओं ने शुभकामनाएं दी।

देश में आज 86वां वायुसेना दिवस (एयरफोर्स डे) मनाया जा रहा है। भारतीय वायुसेना के स्थापना दिवस के मौके पर गाजियाबाद के हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर सुबह 8 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में वायुसेना के लड़ाकू विमानों की परेड दिखाई जा रही है। जिसमें दुनिया भारत के जंगी विमानों की ताकत देख रही है। इस परेड में वायुसेना के जवान अपने करतब दिखा रहे हैं।

वही, इस मौके पर वायुसेना प्रमुख बी. एस. धनोआ ने कहा कि वायुसेना किसी भी तरह की चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। हमारी ताकत लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि अपाचे, राफेल, S-400 जैसे सिस्टम हमारी ताकतें बढ़ाएंगे। बता दें कि समारोह में वायुसेना, थल सेना और जल सेना के प्रमुख बतौर मुख्य अतिथि शामिल हैं। इसके अलावा वायुसेना के पश्चिम जोन के एयर मार्शल परेड का निरीक्षण करेंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत में आकाशगंगा टीम के पैरा जंपर्स 8000 फ़ीट की ऊंचाई से उतरे, जिसे देखकर लोग भी दंग रह गए। परेड ग्राउंड से जाते आकाशगंगा टीम के सदस्यों का दर्शकों ने तालियां बजाकर अभिनंदन किया। परेड के दौरान जगुआर, बिसन, MiG-29, मिराज-2000, सुखोई जैसे एयरक्राफ्ट अपनी ताकत दिखा रहे हैं।

जानकारी के लिए बता दें कि हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर होने वाले इस कार्यक्रम की वजह से गाजियाबाद समेत पूरे दिल्ली एनसीआर में ट्रैफिक रूट में बदलाव किए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान वायुसेना में रहते हुए उल्लेखनीय सेवा करने वाले सैनिकों को वायुसेना मेडल से सम्मानित किया जाएगा।

वायुसेना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समेत देश के बड़े नेताओं ने शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर राहुल ने कहा कि वायुसेना कर्मियों की वीरता और प्रतिबद्धता सभी देशवासियों के लिए प्रेरणा है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ”वायुसेना दिवस पर मैं वायुसेना के सभी बहादुर पुरुषों और महिलाओं को सलाम करता हूं। उनकी वीरता और प्रतिबद्धता सभी भारतीय नागरिकों के लिए प्रेरणा है। जय हिंद।” बता दें कि भारतीय वायुसेना की स्थापना 8 अक्टूबर 1932 को हुई थी। इसी अवसर पर प्रति वर्ष आठ अक्टूबर को वायुसेना दिवस मनाया जाता है।

राफेल पर SC में एक और याचिका, पूछी विमान की असली कीमत, सुनवाई आज ही

Desk Team