भारतीय वायु सेना ने अपनी अभियानगत तैयारियों का प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को पूर्वी समुद्र तट पर सुखोई लड़ाकू विमान से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया।
मिसाइल ने सटीकता के साथ लक्ष्य पर निशाना साधा – वायु सेना
वायु सेना ने कहा कि मिसाइल का परीक्षण भारतीय नौसेना के साथ निकट समन्वय में किया गया। अधिकारियों ने कहा कि मिसाइल ने सटीकता के साथ लक्ष्य पर निशाना साधा।
वायु सेना ने ट्वीट कर दी जानकारी
वायु सेना ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘आज पूर्वी समुद्री तट पर वायु सेना ने सुखोई 30 एमकेआई विमान से ब्रह्मोस मिसाइल का परीक्षण किया। मिसाइल ने लक्ष्य के तहत भारतीय नौसेना के सेवामुक्त हो चुके जहाज पर सीधा प्रहार किया। भारतीय नौसेना के साथ निकट समन्वय में यह परीक्षण हुआ।’’
सरकार ने 2016 में ब्रह्मोस के हवा से मार करने में सक्षम संस्करण को 40 से अधिक सुखोई लड़ाकू विमानों में जोड़ने का निर्णय किया था। इस परियोजना की कल्पना समुद्र या जमीन पर किसी भी लक्ष्य पर बड़े ‘स्टैंड-ऑफ रेंज’ से हमला करने की भारतीय वायुसेना की क्षमता को बढ़ाने के लिए की गई थी।
भारतीय नौसेना ने पांच मार्च को हिंद महासागर में एक स्टील्थ विध्वंसक पोत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल के उन्नत संस्करण का सफलतापूर्वक परीक्षण किया। मिसाइल का परीक्षण स्टील्थ विध्वंसक आईएनएस चेन्नई से किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



