यूक्रेन की शांति योजना पर सऊदी अरब के शहर जेद्दा में अहम बैठक हो रही है। जहां इस बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने शनिवार को शिरकत की। उनके साथ ही कई अन्य देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार भी इस सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस सम्मेलन की मेज़बानी सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान ने की। इसमें करीब 40 देशों के शीर्ष सुरक्षा अधिकारीयों ने हिस्सा लिया
वैश्विक व्यवस्था का समर्थन
बैठक में अजित डोभाल ने कहा कि ‘भारत ने संघर्ष की शुरुआत से ही उच्चतम स्तर पर रूस और यूक्रेन, दोनों के साथ नियमित रूप से बातचीत की है। भारत संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून में निहित सिद्धांतों पर आधारित वैश्विक व्यवस्था का समर्थन करता है।’ डोभाल ने कहा कि ‘सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान बिना किसी अपवाद के किया जाना चाहिए। शांति प्रयासों के लिए सभी हितधारकों को शामिल करते हुए न्यायसंगत और स्थायी समाधान खोजा जाना चाहिए। इसी भावना के साथ भारत ने जेद्दा की बैठक में भाग लिया है।’
वैश्विक दक्षिण इस युद्ध का खामियाजा भुगत रहा
एनएसए अजित डोभाल ने ये भी कहा कि ‘पूरी दुनिया और खासकर वैश्विक दक्षिण इस युद्ध का खामियाजा भुगत रहा है। भारत यूक्रेन को मानवीय सहायता दे रहा है और वैश्विक दक्षिण के अपने पड़ोसियों को आर्थिक सहायता भी दे रहा है। भारत का दृष्टिकोण हमेशा बातचीत और कूटनीति को बढ़ावा देने का रहा है और आगे भी रहेगा। शांति कायम करने के लिए यही एकमात्र रास्ता है।’


Download Android App
Download iOS App



