जैन तीर्थंकर महावीर की जयंती पर विश्व शांति और सौहार्द दिवस मनाने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस प्रकार की वोट बैंक की राजनीति देश के समक्ष कई समस्याएं और अनेक चुनौतियां खड़ी कर सकती है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने रामनवमी पर हिंसा की घटनाओं को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर मंगलवार को निशाना साधा और उनपर अल्पसंख्यक वोटों के लिए ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ करने का आरोप लगाया।

यह बहुत प्रासंगिक विषय है
गौरतलब है कि रामनवमी के अवसर पर पिछले सप्ताह पश्चिम बंगाल और बिहार में कई इलाकों में हिंसा की घटनाएं सामने आई थी। ठाकुर ने कहा, ‘‘ आज के समय में यह बहुत प्रासंगिक विषय है। विश्व के एक हिस्सा में काफी समय से युद्ध जारी है। जब मैं भारत की स्थिति देखता हूं तो यहां शांति का माहौल है, लेकिन रामनवमी की शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से नहीं निकालने दी जा रही है।’’ पश्चिम बंगाल में रामनवमी पर शोभा यात्रा के दौरान हिंसा का उल्लेख करते हुए ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री कैसे कह सकती हैं कि रामभक्तों के विशेष इलाक़ों में जाने से ये घटना हुई।
शोभायात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी
उन्होंने कहा कि भारत गणराज्य में कोई इलाक़ा विशेष कैसे हो सकता है? इतना तुष्टिकरण क्यों? ठाकुर ने कहा कि यह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि बिहार, बंगाल में रामनवमी पर शांतिपूर्ण ढंग से शोभायात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी जा रही है, आगजनी, पत्थरबाजी, हत्याएं हो रही है और यह कई सवाल खड़े करते हैं।
दुनिया इस विचार को स्वीकार कर रही है
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया को कहते हैं कि यह युद्ध का समय नहीं है और यह चर्चा करने, लोकतंत्र का हिस्सा बनने और फैसला करने का समय है। ठाकुर ने कहा कि दुनिया इस विचार को स्वीकार कर रही है, लेकिन इन दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री भेदभाव कर रहे हैं और यह बड़ा सवाल खड़ा करता है।


Download Android App
Download iOS App



