केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बृहस्पतिवार को विपक्षी दलों पर रक्षा सेवाओं में भर्ती की अग्निवीर योजना और हाल ही में कुछ आवश्यक वस्तुओं पर लगाए गए माल और सेवा कर (जीएसटी) जैसे मुद्दों पर ‘‘दुष्प्रचार’’ करने का आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया कि भारत सरकार ने देश के खिलाफ ‘‘दुष्प्रचार’’ करने वाले मित्र राष्ट्रों तक के खिलाफ ‘‘कड़ी कार्रवाई’’ की लेकिन विपक्षी दल राष्ट्र विरोधी ताकतों के खिलाफ आवाज तक नहीं उठाते।
ठाकुर जब प्रश्नों के जवाब दे रहे थे तब विपक्षी सदस्य महंगाई
राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान सोशल मीडिया और संचार के अन्य माध्यमों के विषय वस्तु नियमन प्रक्रिया की समीक्षा से जुड़े पूरक सवालों का जवाब देने के दौरान ठाकुर ने उक्त आरोप लगाए। ठाकुर जब प्रश्नों के जवाब दे रहे थे तब विपक्षी सदस्य महंगाई और जीएसटी जैसे मुद्दों पर हंगामा कर रहे थे। इंटरनेट के माध्यम से फर्जी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए ठाकुर ने कहा कि भारत की एकता और अखंडता तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021-22 में भी सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ऐसे 94 यू-ट्यूब चैनल, 19 सोशल मीडिया खातों के साथ ही 747 यूनिफार्म रिसोर्स लोकेटर (यूआरएल) को बंद कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘जो देश के खिलाफ काम करते थे, उसके खिलाफ इस सरकार ने काम किया है। हमने कोई संकोच नहीं किया है। जो मित्र देश भी भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करते थे, उनके खिलाफ भी अगर कड़ी कार्रवाई की है तो मोदी सरकार ने की है।’’

अग्निवीर योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों की ओर इंगित करते हुए कहा, ‘‘ये जो लोग यहां पर खड़े हैं… ये उनके खिलाफ आवाज नहीं उठाएंगे, जो देश के खिलाफ काम करते हैं। उनके खिलाफ हमने कड़ी कार्रवाई करने का काम किया है। इनमें कुछ लोग वह भी हैं, जो झूठ का प्रचार करते हैं।’’ ठाकुर ने विपक्षी दलों पर जीएसटी के मुद्दे पर भी दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग आज जीएसटी को लेकर दुष्प्रचार करते हैं लेकिन जीएसटी परिषद की बैठक में कुछ नहीं बोलते…वहां कोई आवाज नहीं उठाते लेकिन यहां पर तख्तियां लेकर खड़े होते हैं।’’ अग्निवीर योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने देश में आगजनी करने का काम करवाया जबकि सच्चाई यह है कि लाखों युवाओं ने इस योजना के तहत नौकरियों के लिए प्रतिवेदन दिया है। उन्होंने विपक्षी दलों पर कोरोना रोधी टीकों के खिलाफ भी दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया और कहा कि आपदा के समय जिन लोगों ने टीकों को लेकर सवाल उठाए थे और भ्रम फैलाए थे, देश के लोगों ने 200 करोड़ खुराक लेकर उन्हें मुहंतोड़ जवाब दिया है। राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा ने ठाकुर से यह सवाल पूछा कि नफरत और घृणा के बयान देने वालों के खिलाफ या तो कोई कार्रवाई नहीं होती है या तो सांकेतिक होती है लेकिन ‘‘फैक्ट चेकर’’ के खिलाफ कार्रवाई होती है। इसके जवाब में ठाकुर ने कहा, ‘‘ये समझना जरूरी है कि कौन फैक्ट चेकर है और कौन दूसरी तरह के अपराध… फैक्ट चेक के पीछे रहकर कोई समाज में तनाव खड़ा करने का काम ना करे। ये बहुत आवश्यक है। उनके खिलाफ अगर कोई शिकायत करता है तो कानून अपना काम करता है। इस पर हमारा मंत्रालय सीधे कोई कार्रवाई नहीं करता।’’


Download Android App
Download iOS App



