सेना ने अपने पूर्व जवानों और ‘वीर नारियों’ से पुन:संपर्क स्थापित करने के लिए मंगलवार को साइकिल रैली को रवाना किया। साइकिल सवार जवान 13 दिन में 525 किलोमीटर की यात्रा तय करेंगे और जम्मू कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश के 100 सीमावर्ती गांवों में जाएंगे। सेना के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू कश्मीर के टाइगर डिवीजन की इस पहल का मकसद युवाओं को सशस्त्र बलों में भर्ती होने के लिए प्रेरित करना भी है। यह अभियान 1971 के युद्ध में भारत की पाकिस्तान पर विजय के 50वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि टाइगर डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल नीरज गोसाईं ने मंगलवार को सतवारी कैंटून्मेंट से साइकिल रैली को रवाना किया।
कारगिल युद्ध में भाग ले चुके गढ़वाल रायफल्स के 12 जवान इस रैली का समापन हिमाचल प्रदेश के योल कंटोन्मेंट में करेंगे। वहीं इससे पहले सीमा सुरक्षा बल की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव के तहत रविवार को रायथनवाला से केवड़िया के लिए साइकिल रैली रवाना हुई। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी एवं बीएसएफ वेस्टर्न कमांड के एडीजी एनएस जामवाल ने साइकिल रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया।


Download Android App
Download iOS App



