देश इस वक्त कोरोना महामारी के संकट से जूझ रहा है। वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉकडाउन घोषित कर रखा है। इस बीच, पहलवानी से राजनीति में आईं बबीता फोगाट ने शुक्रवार को दावा कि तबलीगी जमात के सदस्यों के खिलाफ हाल ही में किए गए ट्वीट के कारण उन्हें धमकियां मिल रही थीं लेकिन बिना डरे वह अपनी बात पर कायम हैं। पिछले साल भाजपा में शामिल होने वाली 30 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय पहलवान ने कहा, ”हाल ही में मैंने कुछ ट्वीट किए थे, जिसके बाद कुछ लोगों ने फेसबुक मैसेंजर, व्हाट्सएप और ट्विटर पर भद्दे संदेश भेजे ओर गालियां दीं जबकि कुछ लोगों ने फोन करके धमकियां दीं।”
फोगाट ने कहा कि वह अभिनेत्री जायरा वसीम की तरह नहीं हैं कि वह डर के कारण घर बैठ जाएंगी। फोगाट ने ट्वीट किए गए एक वीडियो में कहा, ” मैं ऐसे लोगों से कहना चाहती हूं मैं जायरा वसीम नहीं हूं कि मैं तुम्हारी धमकियों से डर जाऊंगी और घर पर बैठ जाउंगी। तुम्हारी धमकियां मुझे भयभीत नहीं कर पाएंगी, मैं बबीता फोगाट हूं और हमेशा देश के लिए लड़ी हूं। मैं ऐसा लगातार करती रहूंगी और अपने देश के लिए आवाज उठाउंगी।”
वर्ष 2016 में आमिर खान के साथ फिल्म दंगल से बॉलीवुड में कदम रखने वाली अभिनेत्री जायरा वसीम ने फोगाट बहनों पर बनी इस फिल्म में बबीता की बहन गीता फोगाट का किरदार अदा किया था। हालांकि, पिछले साल जून में जायरा ने धार्मिक कारणों का हवाला देते हुए अभिनय छोड़ने की घोषणा की थी। तबलीगी जमात को लेकर किए गए अपने विवादित ट्वीट का बचाव करते हुए फोगाट ने कहा, ” जो ट्वीट मैंने किया था, उसमें मैने जो कहा, कुछ भी गलत नहीं था और मैं अपने ट्वीट पर कायम हूं। साथ ही भविष्य में भी ऐसा ही करूंगी, जैसा कोरोना वायरस फैलाने वाले लोगों के बारे में मैंने लिखा।” इस बीच, वरिष्ठ भाजपा नेता और हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने भी तबलीगी जमात के सदस्यों पर कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में इजाफा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में कुल 221 संक्रमितों में से 122 मामले तबलीगी जमात के सदस्यों से संबंधित है।


Download Android App
Download iOS App



