प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में NDA की बड़ी बैठक शुरू

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में दिल्ली के अशोक होटल में एनडीए गठबंधन की बड़ी बैठक शुरू हो गई है…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में दिल्ली के अशोक होटल में एनडीए गठबंधन की बड़ी बैठक शुरू हो गई है। बैठक के लिए होटल अशोक पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के जीतन राम मांझी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो और एआईएडीएमके महासचिव ई पलानीस्वामी ने किया। बता दें कि एनडीए की इस बैठक में अगले साल 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव की रणनीति और तैयारियों को लेकर चर्चा होनी है।

बैठक को लेकर पीएम मोदी ने किया ट्वीट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक शुरू होने से ठीक पहले ट्विटर पर लिखा, “ये बेहद खुशी की बात है कि पूरे भारत से हमारे मूल्यवान एनडीए साझेदार आज दिल्ली में बैठक में शामिल होंगे। हमारा एक टाइम टेस्टेड अलायंस है, जो राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाने और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पूरा करना चाहता है।”
बढ़ सकती है दलों की संख्या
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को यह दावा किया था कि एनडीए के घटक दलों में उत्साह का माहौल है, पिछले 9 सालों में एनडीए का विस्तार हुआ है और मंगलवार की बैठक में शामिल होने के लिए 38 राजनीतिक दल स्वीकृति दे चुके हैं, हालांकि इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया था कि दलों की संख्या बढ़ भी सकती है। बताया जा रहा है कि बैठक में 40 से ज्यादा राजनीतिक दल शामिल हो सकते हैं।

Desk Team