पूरी दुनिया इस समय कोरोना महामारी के खिलाफ जंग लड़ रही है। अन्य देशों की तुलना में भारत ने इस महामारी से निपटने में बेहतर काम किया है और पूरा विश्व भारत में कोरोना की रोकथाम के लिए उठाये गए कड़े क़दमों और प्रयासों की सराहना कर रही है। अब बिल गेट्स ने भी भारतीय प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें पत्र लिखा है।
माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने भारत में कोविड-19 महामारी से लड़ने में लॉकडाउन तथा केंद्रित जांच के विस्तार जैसे ‘‘अग्र सक्रिय कदमों’’ को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी सरकार की सराहना की है। अधिकारियों के अनुसार मोदी को लिखे पत्र में गेट्स ने कहा है कि वह इस बात से खुश हैं कि भारत सरकार कोविड-19 से लड़ने में अपनी असाधारण डिजिटल क्षमताओं का पूरा इस्तेमाल कर रही है और उसने कोरोना वायरस का पता लगाने, संपर्कों का पता लगाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं से लोगों को जोड़ने के लिए ‘आरोग्य सेतु’ डिजिटल ऐप शुरू किया है।
गेट्स ने पत्र में लिखा, ‘‘हम भारत में कोविड-19 के संक्रमण की दर को रोकने के लिए आपके नेतृत्व और आपके तथा आपकी सरकार द्वारा उठाए गए अग्र-सक्रिय कदमों की सराहना करते हैं।’’ उन्होंने राष्ट्रीय लॉकडाउन, ‘हॉटस्पॉट’ की पहचान करने, पृथक केंद्रों और देखभाल, स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने और अनुसंधान एवं विकास तथा डिजिटल नवोन्मेष को बढ़ावा देने जैसे कदमों के लिए मोदी सरकार की प्रशंसा की।
अधिकारियों ने गेट्स फाउंडेशन के सह अध्यक्ष को उद्धृत करते हुए कहा, ‘‘यह देखकर आपका आभारी हूं कि आप सभी भारतीयों के लिए पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता के साथ अनिवार्य जन स्वास्थ्य संतुलन बनाने के लिए कदम उठा रहे हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



