रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात कर उन्हें कुन्नूर के समीप हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बारे में जानकारी देंगे। इस दुर्घटना में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मुधलिका और सशस्त्र बलों के 11 कर्मियों की मौत हो गयी। राष्ट्रपति सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर हैं।
हादसे की जांच तीनों सेनाओं के एक दल ने शुरू की
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सिंह राष्ट्रपति कोविंद को दुर्घटना के साथ ही इसके कारण पैदा हुई स्थिति के बारे में जानकारी देंगे। संसद में एक बयान में बृहस्पतिवार को सिंह ने कहा कि हेलीकॉप्टर हादसे की जांच एयर मार्शल मानवेंद्र सिंह के नेतृत्व में तीनों सेनाओं के एक दल ने शुरू कर दी है। रक्षा मंत्री ने बताया कि जनरल रावत बुधवार को वेलिंगटन स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज के छात्रों से संवाद करने के लिए पूर्व निर्धारित यात्रा पर थे।
12 बजकर आठ मिनट पर हेलीकॉप्टर से संपर्क टूटा
सिंह के अनुसार, ‘‘जनरल रावत ने अपनी पत्नी और 12 अन्य लोगों के साथ सुलुर से एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर से पूर्वाह्न 11 बजकर 48 मिनट पर वेलिंगटन के लिए उड़ान भरी थी। हेलीकॉप्टर को दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर वेलिंगटन में उतरना था। सुलूर वायु यातायात नियंत्रक का 12 बजकर आठ मिनट पर हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। बाद में कुन्नूर के पास जंगल में स्थानीय लोगों ने आग लगी देखी। मौके पर जाकर उन्होंने हेलीकॉप्टर को आग की लपटों से घिरा देखा जिसके बाद स्थानीय प्रशासन का एक बचाव दल वहां पहुंचा।’’


Download Android App
Download iOS App



