हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा को लेकर सियासत पूरी तरह से गरमा गई है। जहां अब बीजेपी ने नूंह हिंसा को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। उन्होनें कहा कि कांग्रेस के एक विधायक ने हरियाणा में सदन के पटल पर कांग्रेस के विधायक ने उकसावे का बयान दिया। उनके वाक्य सीधे सीधे हिंसा को उकसाने वाले हैं। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस विधायक का फेसबुक पोस्ट हिंसा को उकसाने वाला है। ये बात और गहरी शंका उत्पन्न करती है कि यह हिंसा एक बहुत बड़ी साजिश का हिस्सा थी, जो जांच के बाद सामने आएगी।
इंटरनेट सेवाएं बंद रखने का आदेश
हरियाणा सरकार ने नूंह में एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवाएं बंद रखने का आदेश दिया है। नूंह के अलावा फरीदाबाद और पलवल जिलों के अधिकार क्षेत्र में और गुरुग्राम जिले के सोहना, पटौदी और मानेसर में भी इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी। उधर, हिंसा को लेकर पुलिस कार्रवाई भी कर रही है। गुरुग्राम में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने अब तक 15 एफआईआर दर्ज की हैं। इसके अलावा आठ उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही पुलिस ने 22 लोगों को हिरासत में भी लिया है।
संपत्ति को नुकसान की भरपाई राज्य सरकार करेगी
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि नूंह में हुई हिंसा में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान की भरपाई राज्य सरकार करेगी, लेकिन निजी संपत्तियों को हुए नुकसान की वसूली उपद्रवियों से की जाएगी। मनोहर ने ये भी कहा कि पुलिस हर किसी की सुरक्षा नहीं कर सकती। हिंसा के षड्यंत्रकारियों की पहचान की जा रही है और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



