कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन के मामले में भाजपा के लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे शुक्रवार दोपहर बाद सदन की विशेषाधिकार समिति के समक्ष अपना बयान दर्ज कराएंगे। लोक सभा की विशेषाधिकार समिति ( प्रिविलेज कमेटी ) के सामने पेश होकर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे आज अपने बयानों और तथ्यों के जरिए यह साबित करने की कोशिश करेंगे कि कांग्रेस के लोक सभा सांसद राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का मामला क्यों बनता है और किस तरह से उन्होंने संसदीय परंपरा और कानून का उल्लंघन कर विशेषाधिकार का हनन किया है।
राहुल गांधी के खिलाफ बयान पर पेशी
आपको बता दें कि, सदन की विशेषाधिकार समिति ने राहुल गांधी के मामले में बयान दर्ज कराने के लिए निशिकांत दुबे को पहले 14 मार्च को बुलाया था, लेकिन बाद में इस तारीख को बदलकर 10 मार्च कर दिया गया। समिति के बुलावे के आधार पर भाजपा सांसद आज दोपहर बाद समिति के सामने पेश होकर राहुल गांधी के खिलाफ अपने बयान दर्ज कराएंगे। विशेषाधिकार समिति के सामने अपनी पेशी और गवाही की जानकारी साझा करते हुए निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर कहा, आज दिन के 1 बजे लोक सभा के विशेषाधिकार समिति में राहुल गांधी के खिलाफ बयान पर मेरी पेशी है।
राहुल गांधी के खिलाफ विशेषधिकार हनन का नोटिस
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान 7 फरवरी को विपक्ष की तरफ से बोलते हुए राहुल गांधी ने कई आरोप लगाए थे। भाषण के दौरान राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों को भ्रामक, अपमानजनक, असंसदीय और आपत्तिजनक बताते हुए भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने राहुल गांधी के खिलाफ विशेषधिकार हनन का नोटिस दिया था। इस पर लोक सभा सचिवालय ने राहुल गांधी को नोटिस जारी कर 15 फरवरी तक जवाब देने को कहा था। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ने अपना जवाब भेज दिया है।


Download Android App
Download iOS App



