कोरोना संकट के बीच आपातकालीन सेवा प्रदान कर रहे लोगों के प्रति नड्डा ने जताया आभार

Summary :

कोरोना संकट के बीच स्वास्थ्यकर्मी, सुरक्षाकर्मी और सफाईकर्मी सहित कई अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोग निस्वार्थ अपने कर्तव्य का निर्वाह कर रहे है।

कोरोना वायरस को लेकर देशव्यापी लॉकडाउन के बीच आपातकालीन सेवा प्रदान कर रहे लोगों का बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को आभार प्रकट किया है। इसके साथ ही उन्होंने जनता से ‘कोरोना योद्धाओं’ का अभिनंदन करने को कहा है। कोरोना संकट के बीच स्वास्थ्यकर्मी, सुरक्षाकर्मी और सफाईकर्मी सहित कई अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोग निस्वार्थ अपने कर्तव्य का निर्वाह कर रहे है। 
नड्डा ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री के आह्वान ने पूरे देश को कोरोना के खिलाफ लड़ाई में एकजुट कर दिया है। ऐसे समय में कोरोना योद्धाओं का अदम्य साहस और निःस्वार्थ सेवाभाव प्रेरणादायक है। आइए हम सब मिलकर उनका अभिनंदन करें।’’ 


बीजेपी अध्यक्ष का यह संदेश ऐसे समय में आया है जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे धन्यवाद संदेश लिखें और आपातकालीन सेवा में जुटे कर्मियों, सफाई कर्मियों, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्य पेशेवरों आदि का अभिनंदन करने में लोगों को जोड़ें। 

नड्डा ने कहा कि अदम्य साहस, निःस्वार्थ सेवाभाव और प्रतिबद्धता से ओतप्रोत इन कोरोना योद्धाओं ने यह सुनिश्चित किया है कि इस कठिन समय में देश पटरी पर रहे। उन्होंने कहा कि अपने आप को खतरे की स्थिति में रखते हुए डाक्टरों, नर्सो, पैरामेडिक्स, सफाईकर्मी, पुलिस कर्मी, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति से जुड़े लोग, बैंक कर्मी और सरकारी कर्मचारियों ने यह सुनिश्चित किया है कि अन्य लोग सुरक्षित रहें। 
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि आपके अटूट विश्वास और साहस ने यह प्रदर्शित किया है कि कोरोना को हराया जा सकता है और भारत एवं मानवता अंतत: विजयी होगी। ‘‘हम आपके प्रति आभार प्रकट करते हैं।’’ विश्वभर में फैले कोरोना संकट के बीच निस्वार्थ अपनी सेवाएं देने वाले लोगों का पूरी दुनिया आभार करते नहीं थक रही है। 

Desk Team