भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को 23 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। पहली सूची में पार्टी ने 189 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। इस प्रकार राज्य की सत्ताधारी पार्टी अब तक 212 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पार्टी को अभी भी 12 सीटों पर उम्मीदवार की घोषणा करनी है।
कर्नाटक में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी का लक्ष्य लेकर चल रही भाजपा ने विधानसभा की कुल 224 सीटों में से कम से कम 150 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।
इससे पहले, मंगलवार को भाजपा ने 189 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इनमें 52 नए उम्मीदवारों को टिकट दिया गया। सूची में अन्य पिछड़ा वर्ग के 32, अनुसूचित जाति के 30 और अनुसूचित जनजाति वर्ग के 16 उम्मीदवारों के नाम शामिल थे।
इस सूची के सामने आने के बाद भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने असंतोष जताया। इसमें सबसे बड़ा नाम छह बार के विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर का रहा।
बुधवार को जारी दूसरी सूची में भी जगदीश शेट्टर का नाम शामिल नहीं हैं, जिन्होंने हुबली-धारवाड़ सेंट्रल निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने का दावा पेश करने के लिए दिन में भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की थी। पार्टी इस सीट से अपना उम्मीदवार पहले ही घोषित कर चुकी है।
पार्टी के फैसले से असहमति जाहिर करते हुए उन्होंने मंगलवार को कहा था कि यह निर्णय उन्हें स्वीकार नहीं है। इसी के साथ चुनाव से पहले सत्तारूढ़ भाजपा में बगावत शुरू हो गई।
शेट्टर के इस रुख को देखते हुए भाजपा नेतृत्व ने उन्हें आज दिल्ली तलब किया और उनके साथ न्याय का भरोसा दिलाया।
इसी तरह भाजपा के कुछ अन्य प्रमुख नेता टिकट न मिलने पर खुलकर सामने आए हैं और अपना विरोध दर्ज कराया है।
विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 13 अप्रैल से शुरू होकर 20 अप्रैल तक चलेगी।


Download Android App
Download iOS App



