पंजाब सीएम पद से इस्तीफा देने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को देश के लिए खतरा बताया। अमरिंदर के इन आरोपों के बहाने बीजेपी प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने अमरिंदर के बयान को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल खड़े किए।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस आलाकमान को इस बारे में अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी चुप क्यों हैं।
कैप्टन के भाजपा में शामिल होने के कयास पर बोले नेता, अमरिंदर जताएंगे इच्छा, तो पार्टी कर सकती है विचार
जावडेकर ने कहा,‘‘सिद्धू पाकिस्तान जा कर पाकिस्तान सेना प्रमुख कमर जावेद बाजवा के गले लगे, इसका हवाला देते हुए अमरिंदर ने सिद्धू को देशद्रोही कहा है। यह मुद्दा पहले से था और कल पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री ने इसको मुखर किया है।’’ उन्होंने कहा,‘‘हम कांग्रेस से इस मुद्दे पर बोलने और अपना पक्ष रखने की मांग करते हैं। क्या कांग्रेस इन आरोपों पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगी?’’
मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिद्धू को राष्ट्र-विरोधी, खतरनाक, अस्थिर, अक्षम और राज्य व देश की सुरक्षा के लिए खतरा बताया था। उन्होंने कहा था कि सिद्धू का समर्थन करने का कोई सवाल ही नहीं है, जो स्पष्ट रूप से पाकिस्तान के साथ मिले हुए थे। वह पंजाब और देश के लिए खतरे के साथ-साथ एक आपदा भी हैं।


Download Android App
Download iOS App



