कोलकाता में एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान गायक कृष्णकुमार कुन्नाथ (KK) की मृत्यु हो गई थी, उनके अचानक ही दुनिया छोड़ के चले जाने से उनके फैंस को बड़ा झटका लगा है। बता दें कि सिंगर की ऑटोप्सी रिपोर्ट में उनकी मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट (Cardiac Arrest) बताया गया है। वहीं अब डॉक्टर्स ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा है कि अगर उन्हें समय पर सीपीआर (Cardiopulmonary Resuscitation) दिया जाता तो केके आज हम सबके बीच होते।
बचाई जा सकती थी जाने-माने सिंगर KK की जान
बता दें कि केके को जब तक हॉस्पिटल ले जाया गया था तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टर ने कहा,“उन्हें बाईं मुख्य कोरोनरी धमनी (Coronary Artery)में एक बड़ी ब्लॉकेज थी और अन्य धमनियों और उप-धमनियों में छोटे अवरोध थे। लाइव शो के दौरान ज्यादा उत्साह के साथ गाने से उनका ब्लड फ्लो रुक गया जिससे हार्टबीट रुक गई और उनकी जान चली गई।” डॉक्टर ने कहा कि अगर उन्हें तुरंत सीपीआर दिया जाता तो उन्हें बचाया जा सकता था।
सिंगर KK को वक्त पर देना चाहिए था CPR
चिकित्सक ने कहा कि गायक के बेहोश होते ही उन्हें सीपीआर दिया जाता, तो उनकी जान बच सकती थी। उन्होंने कहा कि गायक को लंबे समय से हृदय संबंधी समस्याएं थीं, जिनका कोई इलाज नहीं हुआ था। उन्होंने कहा, ‘‘मंगलवार को परफॉरमेंस के दौरान, गायक मंच पर घूम रहे थे और कई बार भीड़ के साथ नाच भी रहे थे, जिससे अत्यधिक उत्तेजना पैदा हुई और रक्त प्रवाह रुक गया। इससे उनकी हृदय गति रुक गई।’’
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कही गयी सिंगर के ‘एंटासिड’ लेने की बात
चिकित्सक ने कहा कि अत्यधिक उत्तेजना से कुछ क्षणों के लिए रक्त प्रवाह रुक गया, जिससे कुछ समय के लिए दिल की धड़कन अनियमित हो गई। उन्होंने कहा, ‘‘इस वजह से केके बेहोश हो गए और उनकी दिल की गति रुक गई। अगर उन्हें तुरंत सीपीआर दिया गया होता, तो उनकी जान बच सकती थी।’’ चिकित्सक ने कहा कि पोस्टमार्टम में सामने आया है कि गायक ‘एंटासिड’ ले रहे थे, ‘‘शायद उन्हें दर्द होता होगा और उन्होंने उसे पाचन संबंधी समस्या समझ लिया।’’ ‘एंटासिड’ ऐसी दवाएं होती हैं, जो अपच और सीने की जलन को दूर करने के लिए ली जाती हैं।
दिल का दौरा पड़ने से हुई सिंगर की मौत
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केके की पत्नी ने गायक के ‘एंटासिड’ लेने की पुष्टि की है। आईपीएस अधिकारी ने कहा, ‘‘गायक ने अपनी पत्नी से फोन पर हुई बातचीत के दौरान बताया था कि उनके हाथ और कंधे में दर्द है।’’ पुलिस को केके के होटल के कमरे से भी कई ‘एंटासिड’ गोलियां मिली हैं।
गायक के शव का पोस्टमार्टम करने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा और उसकी वीडियो भी बनाई गई है। इसमें सामने आया है कि तीन घंटे तक परफॉरमेंस देने के बाद दिल का दौरा पड़ने से गायक की मौत हुई। उनकी मौत के पीछे कोई साजिश नहीं थी।
केके ने अपने करियर में दिए कई हिट गाने
पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। केके ने अपने करियर में कई हिट गीत दिए। ‘यारों’, ‘तड़प तड़प के’, ‘बस एक पल’, ‘आंखों में तेरी’, ‘कोई कहे’, ‘इट्स द टाइम टू डिस्को’ आदि केके के मशहूर गीतों में शुमार हैं। उन्होंने हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम, मराठी और बांग्ला समेत कई भाषाओं के गीत भी गाए।


Download Android App
Download iOS App



