राष्ट्रपति भवन पहुंचे ब्रिटेन के PM बोरिस जॉनसन, प्रधानमंत्री मोदी ने की आगवानी

Summary :

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की दो दिवसीय भारत यात्रा का आज अंतिम दिन है। ब्रिटिश पीएम शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन पहुंचे जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी आगवानी की।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की दो दिवसीय भारत यात्रा का आज अंतिम दिन है। ब्रिटिश पीएम आज राष्ट्रपति भवन पहुंचे जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी आगवानी की। दोनों नेताओं के बीच मुलाकात में दोनों देशों के बीच व्यापार और रूस-यूक्रेन के बीच जारी जंग पर बातचीत की संभावना है।
शानदार स्वागत के लिए ब्रिटिश पीएम ने किया धन्यवाद
दिल्ली पहुंचे बोरिस जॉनसन ने कहा कि “शानदार स्वागत के लिए धन्यवाद… मुझे नहीं लगता कि पहले चीजें हमारे (भारत-यूके) बीच उतनी मजबूत या अच्छी रही हैं जितनी अब हैं।” पीएम मोदी से मुलाकात से पहले ब्रिटिश पीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा कि आज मैं अपने दोस्त नरेंद्र मोदी से दिल्ली में मुलाकात के लिए उत्सुक हूं, जलवायु परिवर्तन से लेकर ऊर्जा, सुरक्षा से लेकर रक्षा तक, हमारे लोकतंत्रों की साझेदारी महत्वपूर्ण है क्योंकि दुनिया निरंकुश राज्यों से बढ़ते खतरों का सामना कर रही है।


मोदी और जॉनसन के बीच वार्ता से दोनों देशों के बीच व्यापार को और प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जॉनसन की बातचीत का मुख्य फोकस हिंद-प्रशांत की स्थिति पर होगा क्योंकि ब्रिटेन इस क्षेत्र में किसी भी तरह की जबरदस्ती का कड़ा विरोध करता है।

क्या होगा ब्रिटिश पीएम का आज का कार्यक्रम
ब्रिटिश पीएम  बोरिस जॉनसन आज राजघाट पर महात्मा गांधी की समाधि पर 9 बजकर 35 बजे माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद उनकी विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से 10 बजकर 10 मिनट पर मुलाकात होगी। हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी के साथ 11 बजकर 25 मिनट पर बैठक। और हैदराबाद हाउस में दोपहर 1:00 बजे समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान और प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन होगा। इन सभी कार्यक्रमों के बाद बोरिस जॉनसन करीब 10 बजकर 30 मिनट पर लंदन के लिए रवाना होंगे।

Desk Team