देश की सरहदों की हिफाजत के लिए जान की बाजी लगाने की शपथ के साथ इंदौर में शनिवार को 377 नव आरक्षक सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में औपचारिक रूप से शामिल हो गए।
आला अधिकारियों ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली
अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ के सहायक प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित परेड समारोह के दौरान इन नव आरक्षकों को केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बल में विधिवत शामिल किया गया और उन्होंने राष्ट्रध्वज के सामने देश की सीमाओं की रक्षा की शपथ ली।
इस मौके पर केंद्र के महानिरीक्षक (आईजी) जयकृत सिंह रावत और बीएसएफ के अन्य आला अधिकारियों ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।
सीमाओं की सुरक्षा में डटीं बीएसएफ बटालियनों में तैनाती
सहायक प्रशिक्षण केंद्र के द्वितीय कमान अधिकारी (प्रशिक्षण) सौरभ ने बताया कि 44 सप्ताह के कड़े प्रशिक्षण के दौरान जवानों को अलग-अलग हथियार चलाने तथा इनके रख-रखाव, मानचित्र पढ़ने, आपदा प्रबंधन और अन्य संबद्ध क्षेत्रों के गुर सिखाए गए।
उन्होंने बताया कि सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा कर चुके इन आरक्षकों को देश की अलग-अलग सीमाओं की सुरक्षा में डटीं बीएसएफ बटालियनों में तैनाती के लिए अप्रैल के पहले हफ्ते में रवाना किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इन आरक्षकों में त्रिपुरा के 183, उत्तरप्रदेश के 141, झारखण्ड के 52 और महाराष्ट्र का एक जवान शामिल है।


Download Android App
Download iOS App



