केंद्र ने रूसी वैक्सीन स्पुतनिक लाइट के निर्यात की दी अनुमति, भारत में आपात इस्तेमाल की नहीं मिली मंजूरी

Summary :

केंद्र सरकार ने घरेलू स्तर पर निर्मित रूस की एकल खुराक वाले कोविड-19 रोधी टीके स्पुतनिक लाइट के निर्यात की अनुमति दे दी है।

केंद्र ने स्पुतनिक लाइट को दी निर्यात की मंजूरी 
केंद्र सरकार ने घरेलू स्तर पर निर्मित रूस की एकल खुराक वाले कोविड-19 रोधी टीके स्पुतनिक लाइट के निर्यात की अनुमति दे दी है। इस टीके को अभी भारत में आपात इस्तेमाल की मंजूरी नहीं दी गई है। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।  घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों ने बताया कि भारतीय दवा कंपनी हेटेरो बायोफार्मा लिमिटेड को रूस को स्पुतनिक लाइट की 40 लाख खुराक निर्यात करने की अनुमति दी गई है। 
रूसी टीके स्पुतनिक वी के घटक-1 के समान
स्पुतनिक लाइट रूसी टीके स्पुतनिक वी के घटक-1 के समान है। भारत के औषधि नियामक ने अप्रैल में स्पुतनिक वी के आपातकालीन इस्तेमाल को मंजूरी दी थी, जिसके बाद से भारत में कोविड-19 रोधी टीकाकरण कार्यक्रम में इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। रूसी राजदूत निकोलाय कुदशेव ने भारत सरकार से हेटेरो बायोफार्मा द्वारा उत्पादित स्पुतनिक लाइट को तब तक रूस में निर्यात की अनुमति देने का आग्रह किया था, जब तक इस टीके को भारत में औषधि नियामक द्वारा आपात इस्तेमाल की मंजूरी नहीं मिल जाती। 
40 लाख खुराक निर्यात करने की दी अनुमति 
एक सूत्र ने कहा, ”सरकार ने भारतीय दवा कंपनी हेटेरो बायोफार्मा को रूस को स्पुतनिक लाइट की 40 लाख खुराक निर्यात करने की अनुमति दी है। विस्तृत विचार-विमर्श के बाद इस सप्ताह निर्णय लिया गया।” फिलहाल आरडीआईएफ डॉ रेड्डीज लैबोरेट्रीज के साथ भारत में स्पुतनिक लाइट के पंजीकरण पर संबंधित अधिकारियों के साथ काम कर रहा है। 
DCGI ने सितंबर में दी थी चरण-3 के परीक्षण की अनुमति
बता दें कि भारत के औषधि महानियंत्रक (DCGI) ने सितंबर में डॉ रेड्डीज लेबोरेटरी लिमिटेड को भारत में स्पुतनिक लाइट के चरण-3 के ब्रिजिंग परीक्षण करने की अनुमति दी थी। डीसीजीआई की अनुमति केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) की कोविड-19 पर विषय विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों पर आधारित थी, जिसकी बैठक 5 अगस्त को हुई थी।

Desk Team