कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के सदस्यों ने राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराये जाने को लेकर अडाणी समूह से जुड़े मामले को लेकर सरकार को घेरने के लिए आगे की रणनीति पर बुधवार को चर्चा की। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संसद भवन स्थित कक्ष में हुई बैठक में खरगे के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश , द्रमुक के टीआर बालू , समाजवादी पार्टी , राष्ट्रीय जनता दल और कई अन्य दलों के नेता शामिल हुए। बजट सत्र के दूसरे चरण में कांग्रेस अध्यक्ष खरगे लगातार विपक्षी दलों के साथ बैठक कर रहे हैं।

लोकसभा अध्यक्ष पर लगाया पक्षपात करने का आरोप
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कथित पक्षपात को लेकर उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर विचार करने के लिए अन्य विपक्षी दलों के साथ बातचीत कर रही है। केरल की वायनाड संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत द्वारा वर्ष 2019 के एक मानहानि मामले में सजा सुनाये जाने के मद्देनजर शुक्रवार को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहरा दिया गया।

भाजपा और विपक्ष अपनी अपनी मांगों पर अड़े
उल्लेखनीय है कि सूरत की एक अदालत ने मोदी उपनाम संबंधी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ 2019 में दर्ज आपराधिक मानहानि के एक मामले में उन्हें बृहस्पतिवार को दोषी ठहराया तथा दो साल कारावास की सजा सुनाई थी । राहुल गांधी द्वारा भारत के लोकतंत्र को लेकर लंदन में दिए गए बयान पर माफी मांगने की भारतीय जनता पार्टी की मांग और अडाणी समूह से जुड़े मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच की मांग को लेकर कांग्रेस समेत कुछ विपक्षी दलों के जोर देने के कारण 13 मार्च को संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण शुरू होने के बाद से ही संसद की कार्यवाही बाधित रही है।


Download Android App
Download iOS App



