Congress मना रही है 138वां स्थापना दिवस, पार्टी अध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण

Summary :

कांग्रेस ने बुधवार को अपना 138वां स्थापना दिवस मनाया और इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में ध्वजारोहण किया।

कांग्रेस ने बुधवार को अपना 138वां स्थापना दिवस मनाया और इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में ध्वजारोहण किया।ध्वजारोहण के अवसर पर कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
 खड़गे ने ट्वीट किया, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने हमेशा भारत के लोगों की भलाई और प्रगति के लिए काम किया। हम संविधान में निहित राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों से जुड़ी, अवसर की समानता में विश्वास करते हैं। कांग्रेस के स्थापना दिवस पर मेरी शुभकामनायें।

पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, मुझे गर्व है, मैं ऐसे संगठन का हिस्सा हूं जिसने हर परिस्थिति में सत्य, अहिंसा और संघर्ष का रास्ता चुना और हर कदम हमेशा लोकहित में उठाया।

 खड़गे आज ही मुंबई में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे जहां 1885 में कांग्रेस की स्थापना हुई थी। कांग्रेस के एक नेता के अनुसार, 1985 के बाद कांग्रेस के कोई अध्यक्ष 28 दिसंबर को पहली बार मुंबई के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
 लंबे अर्से तक कांग्रेस पार्टी सत्ता में रही
दरअसल, आजादी के बाद से लंबे अर्से तक कांग्रेस पार्टी सत्ता में रही है। देश को कांग्रेस से अब तक 7 प्रधानमंत्री मिल चुके हैं। सबसे पहले 1947 से 1964 तक जवाहरलाल नेहरू देश के प्रधानमंत्री रहे। इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, पीवी नरसिम्हा राव और फिर मनमोहन सिंह देश के प्रधानमंत्री रहे। अभी हाल में लंबे अर्से बाद पार्टी को गांधी परिवार से बाहर का अध्यक्ष मिला है। कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कार्यभार संभाला है। उनके नेतृत्व में हाल में संपन्न हिमाचल विधानसभा का चुनाव जीतने में पार्टी सफल रही है।

Desk Team