कांग्रेस ने उठाया सवाल, कहा- PM मोदी ने कोवैक्सीन ली थी फिर उन्हें अमेरिका जाने की अनुमति कैसे मिली?

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका दौरे पर हैं। उनके दौरे पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाया है। उन्होंने पूछा है कि पीएम मोदी को कोवैक्सीन लगवाने के बाद भी अमेरिका में एंट्री कैसे मिल गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका दौरे पर हैं। उनके दौरे पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाया है। उन्होंने पूछा है कि पीएम मोदी को कोवैक्सीन लगवाने के बाद भी अमेरिका में एंट्री कैसे मिल गई। दिग्विजय सिंह ने कहा कि कोवैक्सीन को अमेरिका ने अपनी लिस्ट में शामिल नहीं किया है। ऐसे में इस वैक्सीन को लगवाने के बाद भी प्रधानमंत्री को एंट्री कैसे मिली है?
उन्होंने ट्वीट के जरिए कहा कि यदि मुझे सही से याद है तो पीएम नरेंद्र मोदी ने कोवैक्सीन ली थी, जिसे अमेरिका की ओर से मंजूरी नहीं मिली है। या फिर उन्होंने इसके अलावा कोई और वैक्सीन भी ली है या अमेरिका के प्रशासन ने उन्हें छूट दी है? देश यह जानना चाहता है।


दिग्विजय के अलावा की कांग्रेस की ही वरिष्ठ नेता मारग्रेट अल्वा के बेटे निखिल अल्वा ने भी इस पर सवाल उठाया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘अपने प्रधानमंत्री की तरह मैंने भी आत्मनिर्भर कोवैक्सीन लगवाई है। अब मैं ईरान, नेपाल और कुछ अन्य देशों को छोड़कर दुनिया के ज्यादातर हिस्सों में नहीं जा सकता है। लेकिन मुझे यह जानकर हैरानी हो रही है कि प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिका जाने की अनुमति मिल गई है, जो कोवैक्सीन को मान्यता ही नहीं देता है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि वास्तव में उन्होंने कौन सी वैक्सीन ली थी।’


जानकारी के मुताबिक, पीएम नरेंद्र मोदी ने 1 मार्च को दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में जाकर कोरोना वैक्सीन का पहला टीका लगवाया था। उन्होंने भारत में ही बनी कोवैक्सीन की डोज ली थी। बता दें कि कोवैक्सीन को अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रे्लिया समेत दुनिया के कई बड़े देशों की ओर से मान्यता नहीं दी गई है। हालांकि कोविशील्ड को इस सूची में शामिल किया गया है।

Desk Team