कोरोना संकट के खिलाफ जंग में आक्रामक जांच की भूमिका अहम : कांग्रेस

Summary :

पूर्व पीएम ने कहा कि ‘‘पर्याप्त मात्रा में जांच सुविधा नहीं होने से जुड़ी कुछ समस्याएं हैं और जांच की अधिक आक्रामक सुविधाओं के बिना हम इस समस्या से नहीं उबर पाएंगे।”

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार को कहा कि आक्रामक जांच सुविधाओं के बिना भारत कोरोना वायरस (कोविड-19) संकट से उबर नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि टेस्टिंग किट्स  की प्रचुरता ही इस वायरस से निजात दिला सकता है और कोरोना के कारण पेश आ रही चुनौतियों से पार पाया जा सकता है। उन्होंने कांग्रेस की ओर से जारी एक वीडियो में कहा कि जांच और संक्रमितों का पता लगाना इस समस्या से लड़ने में अहम है।

पूर्व पीएम ने कहा कि ‘‘पर्याप्त मात्रा में जांच सुविधा नहीं होने से जुड़ी कुछ समस्याएं हैं और जांच की अधिक आक्रामक सुविधाओं के बिना हम इस समस्या से नहीं उबर पाएंगे।” कांग्रेस ने कोरोना वायरस वैश्विक महामारी और लॉकडाउन से जुड़े वर्तमान संकट को दूर करने के संबंध में जारी वीडियो में विभिन्न नेताओं के विचारों को साझा किया है। ये नेता सिंह की अध्यक्षता में बने सलाहकार समूह के सदस्य हैं जो विभिन्न मामलों पर पार्टी के विचारों को निरूपित करते हैं।


कोरोना टेस्टिंग बढ़ाने की बाधाओं को यथाशीघ्र दूर करें पीएम मोदी : राहुल

टेस्टिंग बढ़ाने को लेकर राहुल ने ट्वीट कर कहा कि “सारे विशेषज्ञ इस बात से सहमत हैं कि कोरोना को हराने के लिए इसकी टेसि्टंग ही एक मात्र उपाय है। उन्होंने कहा ‘‘ कोरोना को हराना है तो इसकी टेसि्टंग को वर्तमान 40000 से बढाकर हर दिन कम से कम एक लाख किया जाना जरूरी है। इसके लिए हमारे पास क्षमता है और प्रधानमंत्री को इस दिशा में तेजी से काम करने की आवश्यकता है।’’ 

वहीं कांग्रेस द्वारा जारी वीडियो में राहुल ने कहा कि “हमारी प्रवासी कामगार रणनीति में संरक्षण भी शामिल होना चाहिए। उनकी समस्या इसके केंद्र में रहनी चाहिए। प्रवासी मजदूर की आवाजाही दो राज्यों पर निर्भर होनी चाहिए और उन्हें इस बारे में बात करनी चाहिए।” कांग्रेस ने वीडियो साझा करते हुए कहा कि “कोविड-19 से जंग लड़ने में परीक्षण और संक्रमितों की खोज अहम है। प्रवासी मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए मानवता, संरक्षण एवं वित्तीय सुरक्षा का रुख अपनाया जाना चाहिए। आगे बढ़ने का केवल यही रास्ता है।”

लॉकडाउन के कारण नौकरियां गंवाने वालों को 3 महीने तक 7500 रुपए दें केंद्र सरकार : येचुरी

पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि प्रवासी मजदूर जिस राज्य से आया है यह उस राज्य पर छोड़ देना चाहिए कि वह अन्य राज्यों से अपने कामगारों को निकालने के तरीके ढूंढे। उन्होंने कहा कि “लेकिन ज्यादातर को वहीं रहना होगा जहां वे हैं। उन्हें तत्काल नकद और अनाज दिए जाने की जरूरत है।” कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि  “सरकार इस जंग में पिछड़ रही है और हमें देश के लोगों के लिए सरकार पर दवाब बनाना होगा।”
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सरकार की वित्तीय कार्य योजना-1 असल में सफल नहीं हुई और सरकार को और प्रयास करने की जरूरत है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने जांच सुविधाओं को बढ़ाने पर जोर दिया और कहा कि देश में तीन गुना जांच करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि एक प्रतिशत आबादी की जांच करने के स्तर पर पहुंचने के लिए “हमें करीब एक करोड़ जांच करनी होंगी।”
पार्टी के प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि यह कांग्रेस के लिए आवश्यक है कि हम सामूहिक रूप से विचार करें और लॉकडाउन के चलते आ रही समस्याओं से निपटने के लिए बेहतर योजना सामने रखें। कांग्रेस ने यह भी कहा कि पार्टी का मानना है कि वार्ता एवं संवाद से ही समाधान निकलेंगे।

Desk Team