कांग्रेस की युवा इकाई ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और कई अन्य जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमत में बढ़ोतरी को लेकर सोमवार को केंद्र सरकार के खिलाफ ‘पोस्टर अभियान’ शुरू किया।भारतीय युवा कांग्रेस के मुताबिक, वह पोस्टरों के माध्यम से देश भर के लोगों को महंगाई के मुद्दे पर जागरुक करेगी और केंद्र सरकार को जनता के समक्ष बेनकाब करेगी। उसने यहां शास्त्री भवन के निकट महंगाई विरोधी पोस्ट लगाकर इस अभियान की शुरुआत की। शास्त्री भवन में पेट्रोलियम मंत्रालय का दफ्तर है।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. ने इस मौके पर कहा, ‘‘जब से चुनाव खत्म हुए हैं, जनता के बुरे दिन शुरू हो गए हैं। सत्ता के नशे में चूर सरकार सिर्फ अपना और अपने मित्रों का भला करने में लगी है। उसे ना जनता के दु:ख दिखाई दे रहे हैं, न ही उसकी परेशानियों से उसे कोई सरोकार है।’’उन्होंने दावा किया कि जनता का विश्वास इस सरकार से पूरी तरह उठ चुका है।भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राहुल राव ने कहा, ‘‘हर तरह की महंगाई अपने चरम पर है इसलिए आज भारतीय युवा कांग्रेस ने पेट्रोलियम मंत्रालय के बाहर पोस्टर अभियान की शुरुआत की, इस प्रकार के पोस्टर दिल्ली व देश भर में विभिन्न स्थानों पर लगाए जायेंगे।’’


Download Android App
Download iOS App



