कांग्रेस ने पंजाब चुनाव को लेकर शुरू की तैयारियां, सुनील जाखड़ और अंबिका सोनी को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Summary :

कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रभारी अजय माकन की अध्यक्षता में स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है।

पंजाब की सत्ता में बैठी कांग्रेस अपनी सत्ता को खोना नहीं चाहती, इसलिए कांग्रेस आलाकमान लगातार पंजाब की राजनीति पर खास ध्यान दे रहा है। कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रभारी अजय माकन की अध्यक्षता में स्क्रीनिंग कमेटी का गठन किया है। साथ ही अंबिका सोनी को चुनाव समन्वय समिति का अध्यक्ष और सुनील जाखड़ को चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। 

सुनील जाखड़ को चुनाव अभियान कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है 
कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि प्रताप सिंह बाजवा को पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए घोषणा पत्र समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पंजाब के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को चुनाव अभियान कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। 
इसके अलावा कांग्रेस हाईकमान ने एक स्क्रीनिंग कमेटी में चंदन यादव और कृष्णा अल्लावुरु सदस्य नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, कांग्रेस के प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू, चुनाव प्रचार कमेटी के चेयरमैन सुनील जाखड़, पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व प्रभारी भी इसके सदस्य होंगे। 
इससे पहले पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने इन नियुक्तियों के मसले पर तीन दिसंबर को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर चुनाव संबंधी समितियों के गठन के सबंध में चर्चा की थी। एक दिसंबर को पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, नवजोत सिद्धू और सुनील जाखड़ ने भी दिल्ली पहुंचकर राहुल गांधी के साथ बैठक की थी। 
चुनावों से पहले गरमाई हुई है पंजाब की सियासत 
गौरतलब है कि पंजाब में अगले साल की शुरूआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। सत्तारूढ़ कांग्रेस को चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप), अकाली दल, बीजेपी और अमरिंदर सिंह की नई पार्टी की ओर से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद लगाई जा रही है। 
कुछ समय पहले ही पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस से नाराज होकर नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया था। उनका दावा है कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता उनके संपर्क में हैं। उसके बाद कांग्रेस पार्टी ने अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर को कारण बताओं नोटिस जारी कर उनसे, उनके रुख की जानकारी मांगी गई थी।

Desk Team