नौकरी के नाम पर युवाओं को धोखा देने के लिए कांग्रेस ने BJP पर साधा निशाना, कहा- ‘विश्वासघात का….’

Summary :

कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला और कहा कि उन्होंने पिछले नौ साल में 18 करोड़ युवाओं के सपनों को चकनाचूर कर दिया है और कांग्रेस इसका करारा जवाब देगी।

कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला और कहा कि उन्होंने पिछले नौ साल में 18 करोड़ युवाओं के सपनों को चकनाचूर कर दिया है और कांग्रेस इसका करारा जवाब देगी। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा ने युवाओं को धोखा दिया है। 

खड़गे ने एक ट्वीट में कहा, सालाना 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा करने वाले मोदी जी ने, 9 साल में, अब तक 18 Cr युवाओं के सपने चकनाचूर कर दिए। सरकारी महकमें में 30 लाख़ पद ख़ाली हैं, पर आज सिर्फ़ 71,000 भर्ती पत्र बाँटने का Event बनाया गया है! कांग्रेस पार्टी, युवाओं से किये विश्वासघात का पुरज़ोर जवाब देगी!
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने भी केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा और कहा, प्रधानमंत्री ने गवर्नेस को व्यक्ति विशेष बनाकर पूरी शासन प्रणाली को नष्ट कर दिया है। वह जो कर रहे हैं वह पहले कभी नहीं हुआ। जॉब फेयर लगा कर उन्होंने शासन के स्तर को और नीचे गिरा दिया है। ऐसा लगता है जैसे इन्होंने ही नौकरियां पैदा की है और जिन लोगों को ये नौकरी मिल रही है, उनका भुगतान भी वो खुद अपनी जेब से करेंगे।
रमेश ने आगे कहा कि इस देश में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को पता है कि यह वही प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने नोटबंदी, गलत जीएसटी, एमएसएमई को नष्ट कर सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में लाखों नौकरियां खत्म कर दी। राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, प्रधानमंत्री का दावा है कि उन्होंने अपनी छवि बनाई है। वास्तव में, वह उस छवि से ग्रस्त हैं जिसने उन्हें बनाया है। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को 71,000 नियुक्ति बांटे, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं के ये बयान आए हैं। मोदी ने इस अवसर पर वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोगों को संबोधित किया।

Desk Team