नयी दिल्ली : कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘सरकार ने उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुसार ट्रस्ट का गठन किया था और इसे लेकर अब भाजपा को ‘‘भगवान राम के नाम पर राजनीति बंद करनी चाहिए।’’
पार्टी प्रवक्ता गौरव गोगोई ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘सरकार ने उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुसार ट्रस्ट का गठन किया था। न्यायालय का फैसला आया था तो हमने उसका स्वागत किया था। न्यायालय के आदेश पर अमल करना सरकार का कर्तव्य है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा को अब भगवान राम के नाम पर राजनीति बंद करनी चाहिए। उसे राम के नाम पर वोट नहीं मांगना चाहिए। लोगों की आस्था अपनी जगह होती है। लोग विकास को ध्यान में रखकर वोट करते हैं।’’ गोगोई ने यह भी कहा, ‘‘हम यह आशा भी करते हैं कि अब देश में विकास के नाम पर राजनीति होगी।’’
उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने उच्चतम न्यायालय के आदेश का पालन करते हुये अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिये ‘‘श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’’ के गठन के प्रस्ताव को आज मंजूरी दे दी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस आशय के फैसले की लोकसभा में जानकारी दी। मोदी ने सदन को बताया कि मंत्रिमंडल की बैठक में ‘‘श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’’ के गठन का प्रस्ताव पारित किया गया। यह ट्रस्ट अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण और उससे संबंधित विषयों पर निर्णय लेने के लिए पूर्ण रूप से स्वतंत्र होगा।
गोगोई ने अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद यहां पेट्रोल और डीजल के दाम कम नहीं किए जा रहे है। यह सरकार की अक्षमता को दिखाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों के प्रति संवेदनहीन है और उसे रोजगार एवं आर्थिक विकास की कोई फिक्र नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



