कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के ‘कांग्रेस की सरकार आई तो वक्फ बोर्ड कानून को 1 घंटे में समाप्त कर देंगे’ वाले बयान पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि इस तरह का बयान देकर कांग्रेस पार्टी और उनके नेता राजनीतिक रोटी सेंकना चाहते हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अर्जुन मुंडा ने मंगलवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि पार्लियामेंट से वक्फ संशोधन कानून को पारित किया गया है। संसद की ओर से वक्फ एक्ट की व्यवस्था बनाई गई है। उसमें उन सारी बातों का समावेश किया गया है, जिससे वक्फ के मूल उद्देश्य को पूरा किया जा सके। इस तरह का बयान देकर कांग्रेस और उनके नेता राजनीतिक रोटी सेंकना चाहते हैं।
बयानबाजी करने के पीछे वह अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं
उन्होंने कांग्रेस नेता इमरान मसूद पर निशाना साधते हुए कहा कि आप आएंगे, आप क्या करेंगे, क्या नहीं करेंगे। जब चुनाव आएगा तब उसे अपने एजेंडे में लिखकर दीजिए। इस तरह बयानबाजी करने के पीछे वह अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इस तरह का बयान देना, ‘संसद पास करे, उसे हम एक घंटे के अंदर समाप्त कर देंगे’, यह सारी बातें लोग समझते हैं। उन्होंने कहा कि इसकी एक प्रक्रिया होती है। आप बोलिए कि हम प्रक्रिया के तहत काम करेंगे। जो पार्लियामेंट से होता है, वहां कोई चीज एक घंटे में नहीं हो जाती है।
जनसभा में वक्फ कानून को लेकर दावा किया
दरअसल, बिजनौर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने एक जनसभा में वक्फ कानून को लेकर दावा किया कि अगर सत्ता में कांग्रेस की सरकार आई तो एक घंटे के अंदर वक्फ बोर्ड कानून को खत्म कर देंगे। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर वक्फ कानून के जरिए जमीन हड़पने का भी आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सभी नीतियां जनता विरोधी हैं। सिर्फ कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है, जो न्याय और भाईचारे की बात करती है। –आईएएनएस डीकेपी/ एसके/


Download Android App
Download iOS App



