कोरोना संकट : बस-ट्रेन के बाद घरेलु उड़ाने भी हुई स्थगित

Summary :

इससे पहले दिन में स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी भारतीय विमानन कंपनियों को कहा था कि वे ऐसे लोगों को विमान में सवार ना होने दें जिनके हाथों पर ‘‘होम क्वॉरेंटाइन’’ (घर में पृथक रहने) की मुहर लगी हो।

कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए ट्रेन, बस के बाद अब घरेलू उड़ानों पर भी सरकार ने पूरी तरह से रोक लगा दी है। तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस के संक्रमण को नियंत्रित करने के लिहाज से यह कदम उठाया गया है। 24 मार्च यानी मंगलवार की रात 11:59  बजे से उड़ानों पर रोक लगाई गई है। इससे पहले सरकार ने बीते रविवार से सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगा दी थी। हालांकि, कार्गो फ्लाइट पर पाबंदी लागू नहीं होगी। 
उड्डयन मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने मुताबिक 24 मार्च 2020 की मध्यरात्रि 12 बजे से सभी घरेलू व्यावसायिक विमान कंपनियों के संचालन बंद हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि विमानन कंपनियों को अपना संचालन उस प्रकार तय करना होगा कि वे 24 मार्च रात 11.59 बजे तक अपने गंतव्य पर उतर जाएं। हालांकि, प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि यह पाबंदी मालवाहक जहाजों पर लागू नहीं होगी। इससे पहले रेल और बस सेवाओं पर भी रोक लगा दी गई है, इस वायरस ने अब तक देश की रेल, बस और हवाई सेवाओं पर ब्रेक लगा दिया है।
इससे पहले दिन में स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी भारतीय विमानन कंपनियों को कहा था कि वे ऐसे लोगों को विमान में सवार ना होने दें जिनके हाथों पर ‘‘होम क्वॉरेंटाइन’’ (घर में पृथक रहने) की मुहर लगी हो। उड़ानो पर रोक से पहले सरकार ने सभी ट्रेन और बस पर पूरी तरह से रोक लगा दी थी।
ज्ञात हो, देश में प्रतिदिन करीब 6500 घरेलू उड़ानें होती हैं। चीन के वुहान से चले इस वायरस से दुनिया भर में अब तक 14 हजार लोगों से भी ज्यादा की जान जा चुकी हैं। तो वहीं, भारत में इस वायरस से अब तक कुल 8 लोगों की मौत हो चुकी है और 434 लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं।

Desk Team