कोरोना वायरस : हरदीप सिंह पुरी ने सांसद निधि से एक करोड़ रुपये सहायता राशि दी

Summary :

हाल ही में राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने कोरोना के संकट से निपटने के लिये उच्च सदन के सदस्यों से सांसद निधि के जरिये सहायता राशि देने का आह्वान किया था।

नयी दिल्ली : आवास एवं शहरी विकास मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कोरोना वायरस के संकट से निपटने में सहायता के लिये अपनी सांसद निधि से एक करोड़ रुपये दिये हैं। पुरी ने सोमवार को ट्वीट कर बताया कि उन्होंने कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने और नियंत्रण के लिये सांसद निधि से एक करोड़ रुपये सहायता राशि के रूप में देने की मंजूरी दी है। उन्होंने कहा, ‘‘ सभी का सहयोग कोरोना वायरस की चुनौती से निपटने में भारत को मजबूत बनायेगा।’’

एक अन्य ट्वीट में पुरी ने निजी सहयोग के रूप में प्रधानमंत्री राहत कोष में भी एक लाख रुपये का दान देने की जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘बूंद बूंद से सागर बनता है। मैं अपने वेतन से प्रधानमंत्री राहत कोष में एक लाख रुपये का योगदान दे रहा हूं।’’पुरी, राज्यसभा सदस्य हैं। हाल ही में राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने कोरोना के संकट से निपटने के लिये उच्च सदन के सदस्यों से सांसद निधि के जरिये सहायता राशि देने का आह्वान किया था।

उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में सोमवार शाम चार बजे तक कोरोना वायरस से संक्रमण के 1071 मामले सामने आ चुके हैं जबकि इसकी चपेट में आकर 29 लोगों की मौत भी हुयी है।

Desk Team