कोरोना वायरस : लॉकडाउन के चलते एक बार फिर टला जीसैट-1 का प्रक्षेपण

Summary :

जीएसएलवी-एफ10 से जीआईसैट-1 उपग्रह का प्रक्षेपण 5 मार्च को होना था लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से यह टल गया था। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की ओर से जारी एक बयान में बताया गया था कि अगली तिथि की घोषणा उचित समय पर की जाएगी

देश में कोरोना के मरीजों की संख्या में दिन पर दिन बढ़ोतरी हो रही है। संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने देश में लॉकडाउन घोषित कर रखा है। लॉकडाउन के चलते जीसैट-1 उपग्रह का प्रक्षेपण एक बार फिर से टल गया है। सूत्रों ने मंगलवार को इस आशय की जानकारी दी।
जीएसएलवी-एफ10 से जीसैट-1 उपग्रह का प्रक्षेपण 5 मार्च को होना था लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से यह टल गया था। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की ओर से जारी एक बयान में बताया गया था कि अगली तिथि की घोषणा उचित समय पर की जाएगी।हालांकि, सूत्रों ने बताया कि अगला प्रक्षेपण अप्रैल में करने की योजना थी। सूत्र के मुताबिक, ‘‘लेकिन लॉकडाउन के कारण अब जीसैट-1 का प्रक्षेपण नहीं हो सकता है। 
उपग्रह के प्रक्षेपण के लिए, उसके विभिन्न पहलुओं पर काम करने के लिए करीब 1,000 लोगों की जरुरत होती है।’’सूत्र ने बताया कि जीसैट-1 के प्रक्षेपण के लिए अभी तक कोई तारीख तय नहीं की गई है। भारत में उपग्रहों का प्रक्षेपण श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र से होता है।

Desk Team