विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) प्रमुख एम. जगदीश कुमार ने संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी)- स्नातक के आयोजन में ‘‘गड़बड़ी’’ की खबरों और संकेतों का उल्लेख करते हुए रविवार को कहा कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए कुछ केंद्रों पर परीक्षा रद्द कर दी गई।कुमार ने कहा कि प्रक्रिया में ‘‘जानबूझकर गड़बड़ी’’ करने में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा, ‘‘प्रक्रिया में गड़बड़ी की खबर और संकेत थे। एनटीए (राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी) तुरंत हरकत में आई और ऐसी संभावना वाले केंद्रों में परीक्षाओं को रद्द और स्थगित किया। प्रक्रिया में जानबूझकर गड़बड़ी करने में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’
केंद्रों के कर्मचारियों को छात्रों के साथ अधिक सहानुभूति दिखानी चाहिए थी – कुमार
यूजीसी प्रमुख ने कहा, ‘‘छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए कुछ केंद्रों पर परीक्षा रद्द की गई। एनटीए लगातार छात्रों के साथ सपंर्क में है ताकि उन्हें बदलावों से अवगत कराया जा सके।’’कुछ छात्रों को परीक्षा स्थलों से लौटाने संबंधी खबरों पर कुमार ने कहा कि कुछ केंद्रों के कर्मचारियों को छात्रों के साथ अधिक सहानुभूति दिखानी चाहिए थी।उन्होंने कहा, ‘‘अधिक संख्या में स्कूल शिक्षकों को तैनात किया जा रहा है क्योंकि उनके पास छात्रों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करने का अधिक अनुभव होता है। एनटीए द्वारा किए गए प्रयासों और सुधारात्मक कदमों के चलते हमें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सीयूईटी-स्नातक का सहज संचालन सुनिश्चित होगा।’’


Download Android App
Download iOS App



