एयर इंडिया के विमान में चालक दल के सदस्यों ने उड़ान भरने के आधे घंटे बाद ही बिजनेस श्रेणी की सीटों के पास मरा हुआ चमगादड़ देखा जिसके बाद विमान को दिल्ली हवाई अड्डे पर वापस लाया गया। सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि घटना 27 मई की है और यह विमान अमेरिका के नेवार्क के लिए रवाना हुआ था।
उन्होंने बताया कि विमान बुधवार-बृहस्पतिवार की दरमियानी रात दो बजकर 20 मिनट पर रवाना हुआ था और उड़ान भरने से पहले किसी ने भी चमगादड़ के अवशेष नहीं देखे थे।सूत्रों ने बताया कि चालक दल के सदस्यों ने सीटों की आठवीं पंक्ति में चमगादड़ का अवशेष देखा जो विमान में बिजनेस श्रेणी की सीटों का हिस्सा था और इसकी सूचना पायलट को दी।
.jpg)
उन्होंने बताया कि पायलट ने चमगादड़ के अवशेष पाए जाने की सूचना हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) को दी और विमान लौट आया। सूत्रों ने बताया कि विमान बृहस्पतिवार तड़के करीब 4 बजकर 20 मिनट पर दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा।उन्होंने बताया कि बाद में बोइंग बी777-30ईआर मॉडल के उक्त विमान की सफाई की गई और उसे रोगाणु मुक्त किया गया।
मामले पर एयर इंडिया से बयान देने का अनुरोध किया था लेकिन कंपनी ने कोई जवाब नहीं दिया। हालांकि, विमानन कंपनी के सूत्रों ने बताया कि प्रबंधन ने इंजीनियरिंग टीम से इस घटना की विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है।


Download Android App
Download iOS App



