बॉलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह की टिप्पणी पर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने सवाल किया है कि क्या शाह को इतने वर्षों तक देश में कोई परेशानी महसूस हुई। बीजेपी नेता ने आज यहां कहा कि जिस ढंग से देश में उन्हें मान-सम्मान मिला, ऐसा ही उनके बच्चों को भी मिलेगा। शाहनवाज हुसैन ने कहा, ‘‘उन्हें चिंता करने और ऐसे बयान देने की आवश्यक्ता नहीं है।’’
तीन राज्यों में बीजेपी का जनाधार खिसकने के बारे में पूछे जाने पर शाहनवाज ने स्पष्ट किया, ‘‘पार्टी का जनाधार खिसका नहीं, अपितु फिसला है। भविष्य में संगठन इसके कारणों पर संज्ञान लेते हुए लोकसभा चुनाव से पहले इसमें सुधार करेगा।’’ शाहनवाज हुसैन ने कहा कि देश की जनता के लिए केंद्र सरकार समर्पित भाव से बिना रूके और बिना थके काम कर रही है ऐसे में लोग नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री पद पर देखना चाहते हैं।
शाहनवाज हुसैन ने कहा, ‘‘देश में पहली बार एक-दूसरे को फूटी आंख न सुहाने वाले राजनीतिक दल एक मंच पर आए हैं, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रोक कर देश के संसाधन का दोहन कर सकें।’’ शनिवार को दिल्ली से पानीपत जा रहे बीजेपी नेता मीडिया से मुखातिब हुए।


Download Android App
Download iOS App




