प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से नेशनल हेराल्ड धनशोधन मामले में पूछताछ व्यक्तिगत कारणों के चलते 17 से 20 जून तक टालने के उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
17 जून को पूछताछ में छूट देने के लिए ईडी से किया था अनुरोध
कांग्रेस सांसद ने ईडी के जांच अधिकारी को पत्र लिख कर उन्हें शुक्रवार (17 जून) के लिए निर्धारित पूछताछ से छूट देने का अनुरोध किया था, क्योंकि वह अपनी बीमार मां, सोनिया गांधी के साथ रहना चाहते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को कोविड-19 से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जयराम रमेश ने पत्र को लेकर किया था ट्वीट
इस बीच कांग्रेस के नवनियुक्त संचार, प्रचार और मीडिया प्रमुख जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘ श्री राहुल गांधी ने ईडी को पत्र लिखकर शुक्रवार को निर्धारित पूछताछ को सोमवार तक टालने का अनुरोध किया है, क्योंकि वह अस्पताल में भर्ती मां से संबंधित चीजों को लेकर उलझे हुए हैं। ईडी के जवाब का इंतजार है।’’
राहुल (51) ने पिछले तीन दिनों में ईडी के अधिकारियों के साथ करीब 30 घंटे बिताये हैं, जिस दौरान उनसे पूछताछ की गई और धन शोधन रोकथाम अधिनियम के तहत उनके बयान दर्ज किये गए।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने ईडी की कार्रवाई को भाजपा नीत केंद्र सरकार की विपक्षी नेताओं पर बदले की राजनीति करार दिया है और उसके कार्यकर्ता देशभर में प्रदर्शन कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



