राष्ट्रपति कोविंद ने दी ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की बधाई, PM मोदी बोले-हर तरफ हो शांति और समृद्धि

Summary :

ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी।

देशभर में आज पैगंबर मोहम्मद की जयंती ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का त्यौहार मनाया जा रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राजनीतिक हस्तियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी।
राष्ट्रपति ने ट्वीट करते हुए लिखा, “पैगम्बर मुहम्मद के जन्मदिन, ईद-ए-मिलाद-उन-नब़ी के पावन अवसर पर, मैं सभी देशवासियों, विशेष रूप से हमारे मुस्लिम भाइयों-बहनों को मुबारकबाद देता हूं। आइए, हम सब पैगम्‍बर मुहम्‍मद के जीवन से प्रेरणा लेकर, समाज की खुशहाली के लिए और देश में सुख शांति बनाए रखने हेतु कार्य करें।”


उप राष्ट्रपति ने सोमवार को मिलाद-उन-नबी की पूर्व संध्या पर जारी एक संदेश में कहा,‘‘ मैं पैगंबर मोहम्मद की जयंती के रूप में मनाए जाने वाले मिलाद-उन-नबी के शुभ अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। पैगंबर मोहम्मद ने मानव जाति को करुणा, सहनशीलता और सार्वभौमिक भाईचारे का नेक मार्ग दिखाया। मैं कामना करता हूं कि पैगंबर मोहम्मद का चिरंतन संदेश एक न्यायपूर्ण, दयाशील और समरसतापूर्ण समाज का निर्माण करने में हमारा मार्गदर्शन करता रहे।’’ 

प्रधानमंत्री मोदी ने ईद की बधाई देते हुए लिखा, “मिलाद-उन-नबी की बधाई। चारों ओर शांति और समृद्धि हो। दया और भाईचारे के गुण हमेशा कायम रहें। ईद मुबारक!”


कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और नेता राहुल गांधी ने ईद की बधाई देते हुए लिखा, मिलाद-उन-नबी के अवसर पर मेरी शुभकामनाएं। हम करुणा, शांति और भाईचारे की भावना से निर्देशित हों। ईद मुबारक!


इस्लाम धर्म के लोग पैगंबर हजरत मोहम्मद के जन्मदिन को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी या ईद-ए-मिलाद के रूप में मनाते हैं।इस्लामिक कैलेंडर के मुताबिक, ये त्योहार तीसरे महीने रबी-उल-अव्वल के 12वें दिन मनाया जाता है। इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार इस्लाम के तीसरे महीने यानि मिलाद उन-नबी की शुरुआत हो चुकी है।

Desk Team