भोपाल : इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की सुरक्षा एवं इसमें कथित छेड़छाड़ के बढ़ते विवाद के बीच केन्द्रीय मंत्री उमा भारती ने मंगलवार को कहा कि ईवीएम से छेड़छाड़ के मामले में यदि कोई व्यक्ति निर्वाचन आयोग को कुछ बताना चाहे तो उसे गोपनीयता के साथ मुद्दे को समझना चाहिए। उन्होंने अपने निवास पर यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मेरा कहना यह है कि एक बार (वर्ष 2017 में) चुनाव आयोग ने सब राजनीतिक दलों को बुलाया था और कहा था कि आप आइये तथा दिखाइये कि ईवीएम से छेड़छाड़ हो सकती है। लेकिन उन्होंने जिस तरह से खुलेआम बुलाया था, ऐसे में कोई यह सब नहीं बताएगा।’’
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘इसलिए वह (निर्वाचन आयोग) इसका प्रयोग करके देखे। कोई अकेले उससे गुप्त रूप से संपर्क करना चाहे और उसे कुछ बताना चाहे तो उसे गोपनीयता बनाए रखते हुए एक बार मुद्दे को समझना चाहिए, क्योंकि दुनिया में अमेरिका सहित कई देश ऐसे हैं जो बहुत आधुनिक हैं और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में हमसे बहुत आगे हैं, लेकिन वे ईवीएम का प्रयोग नहीं कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने ईवीएम का प्रयोग किया। अगर हमने ईवीएम का प्रयोग किया है और राजनीतिक दलों के मन में ये आशंकाएं आती हैं तो निर्वाचन आयोग का यह दायित्व बनता है कि वह सबको संतुष्ट करे।’’


Download Android App
Download iOS App



