सरकार ने मंगलवार को देश के किसानों को आश्वासन दिया कि आगामी रबी और खरीफ मौसम में उन्हें मौजूदा कीमत पर ही पर्याप्त उवर्रकों की आपूर्ति की जाएगी। रसायन एवं उवर्रक राज्य मंत्री भगवंत खुबा ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पिछले साल भी उवर्रकों की आपूर्ति को लेकर बड़ी चिंता थी और नरेंद्र मोदी नीत सरकार ने समय-समय पर निर्णय लेते हुए किसानों की जरूरतों को ‘समय पर और सही दाम पर’ पूरा किया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमतों में चार-पांच गुना तक वृद्धि हो चुकी
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस बात को लेकर प्रतिबद्ध है कि उवर्रकों की जो कीमत आज है, वही कीमत बनी रहेगी, हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमतों में चार-पांच गुना तक वृद्धि हो चुकी है। मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में वृद्धि होने के बावजूद सरकार किसानों को सब्सिडी देती रहेगी और उनकी जरूरतों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास रहा है कि उवर्रकों का घरेलू उत्पादन बढ़े और इस क्रम में राष्ट्रीय यूरिया नीति भी तैयार की गयी है।
उन्होंने कहा कि उवर्रकों के गैस आधारित 25 संयंत्र शुरू किए गए हैं और 2014 के बाद उवर्रकों का 20-25 लाख मीट्रिक टन अधिक उत्पादन हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



